Atal Excellent Education Scheme: हर माता-पिता की चाहत होती है कि उनके बच्चे की पढ़ाई अच्छी हो और वे बड़े स्कूलों में शिक्षा हासिल करें। लेकिन आर्थिक तंगी के कारण कई परिवार अपने इस सपने को पूरा नहीं कर पाते। इसी कमी को पूरा करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने एक खास योजना शुरू की है, जिसका नाम है ‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना’। इस योजना के जरिए मजदूरों और श्रमिक वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर दिया जाएगा।

‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना’ का उद्देश्य
छत्तीसगढ़ सरकार की यह योजना खास तौर पर श्रमिक वर्ग के लिए बनाई गई है ताकि उनके बच्चे बड़े और प्रतिष्ठित स्कूलों में पढ़ सकें। योजना के तहत हर साल लगभग 100 बच्चों को राज्य के 14 नामी स्कूलों में दाखिला मिलेगा। इस योजना को सफल बनाने के लिए सरकार सालाना 2 करोड़ रुपये खर्च करेगी। योजना के तहत 6वीं से 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई का पूरा खर्च श्रम विभाग उठाएगा।

मजदूरों के बच्चों को मिलेगा बेहतर शिक्षा का मौका
श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है जिसने इस तरह की पहल की है। चयनित 100 बच्चों को दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), राजकुमार कॉलेज सहित कुल 14 संस्थानों में दाखिला दिया जाएगा।उन्होंने कहा, “यह योजना मजदूरों के बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे वे अपने सपनों को पूरा कर सकेंगे।”
सरकार किन-किन खर्चों का वहन करेगी?
‘अटल उत्कृष्ट योजना’ के तहत सरकार बच्चों के एडमिशन फीस, ट्यूशन फीस, किताब-कॉपी, स्कूल ड्रेस, हॉस्टल खर्च और खाने-पीने के खर्चों को पूरी तरह से कवर करेगी। ये सभी सुविधाएं सीधे संबंधित आवासीय स्कूलों को मंडल के माध्यम से प्रदान की जाएंगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।
योजना का लाभ लेने के लिए जरूरी शर्तें
इस योजना का लाभ पाने के लिए मजदूरों को कम से कम 1 साल से निर्माण कार्य में पंजीकृत होना आवश्यक है। योजना के तहत श्रमिकों के पहले दो बच्चों को ही लाभ मिलेगा। आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेजों में शामिल हैं:
जीवित श्रमिक पंजीयन कार्ड
छत्तीसगढ़ का मूल निवासी प्रमाण पत्र
आधार कार्ड
बच्चे की 5वीं कक्षा की मार्कशीट
वर्तमान कक्षा में अध्ययन प्रमाण पत्र
स्वघोषणा प्रमाण पत्र
आयु प्रमाण पत्र
चयनित होने के बाद ट्रांसफर सर्टिफिकेट
छत्तीसगढ़ सरकार की ‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना’ एक क्रांतिकारी कदम है, जो श्रमिक वर्ग के बच्चों को बेहतर शिक्षा का अवसर प्रदान करता है। इससे न केवल बच्चों का भविष्य सुरक्षित होगा, बल्कि उनके परिवारों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति भी मजबूत होगी। यह योजना छत्तीसगढ़ के विकास और शिक्षा के स्तर को नए आयाम तक पहुंचाएगी।










