Surat Suicide Case : गुजरात के सूरत शहर से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शहर के अलथाण इलाके की एक हाईराइज सोसायटी में एक महिला ने अपने 2 साल के बेटे को 13वीं मंजिल से नीचे फेंकने के बाद खुद भी छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। यह वारदात बुधवार शाम की है, जबकि इसका सीसीटीवी फुटेज गुरुवार को सामने आया है।

मृतक महिला की पहचान पूजा पटेल (30) और उसके बेटे की पहचान कृषिव पटेल (2) के रूप में हुई है। ये दोनों मार्तंड हिल्स बिल्डिंग की छठी मंजिल पर अपने पति विलेशकुमार पटेल के साथ रहते थे। विलेशकुमार एक लूम्स फैक्ट्री के मालिक हैं और आर्थिक रूप से संपन्न बताए जाते हैं।

आत्महत्या के कारणों पर सस्पेंस
अब तक की जांच में आत्महत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस को पूजा के मोबाइल फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। परिवार ने भी किसी घरेलू विवाद या मानसिक तनाव की बात से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि महिला के व्यवहार में भी कोई असामान्यता नहीं दिखी थी।
CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी घटना
CCTV फुटेज के अनुसार, पूजा अपने बेटे कृषिव को लेकर लिफ्ट से ऊपर जाती दिखाई देती है। पहले वह सोसायटी में रहने वाली एक महिला टेलर के घर पहुंचती है, लेकिन घर बंद मिलने पर वह सीधा 13वीं मंजिल पर चली जाती है। वहां पहुंचकर उसने पहले अपने बेटे को नीचे फेंका और 12 सेकेंड बाद खुद भी छलांग लगा दी।मां-बेटे की लाशें सोसायटी में लगे गणेश पंडाल से मात्र 20 फीट की दूरी पर पाई गईं, जिससे स्थानीय लोग भी स्तब्ध रह गए।
स्थानीय लोगों ने दी मदद, लेकिन नहीं बच सकी जान
गिरने की तेज आवाज सुनकर सोसायटी के एक निवासी ने बाहर आकर देखा, तो दोनों के शव जमीन पर पड़े थे। तुरंत 108 एंबुलेंस को बुलाया गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने गुरुवार को सिविल हॉस्पिटल में दोनों का पोस्टमॉर्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिए।
संपन्न परिवार, खुशहाल जीवन – फिर क्यों उठाया ऐसा कदम?
अलथाण पुलिस के अनुसार, परिवार में किसी तरह की आर्थिक तंगी या घरेलू कलह की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पूजा का व्यवहार भी सामान्य बताया जा रहा है। उनके पति विलेशकुमार पटेल लूम्स फैक्ट्री के मालिक हैं और परिवार एक सुखी जीवन जी रहा था।
इस वजह से पूजा के इस आत्मघाती कदम ने न केवल उसके परिवार बल्कि पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है।
पूजा पटेल और उनके मासूम बेटे की आत्महत्या की यह घटना समाज के सामने कई सवाल खड़े करती है। एक आर्थिक रूप से संपन्न और सामाजिक रूप से स्थिर दिखने वाला परिवार इस तरह से बिखर जाएगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। पुलिस अब हर पहलु से जांच कर रही है ताकि इस दर्दनाक कदम के पीछे की असली वजह सामने लाई जा सके।
Read More : Asia Cup Hockey 2025: मलेशिया को 4-1 से हराकर फाइनल की ओर बढ़ी टीम इंडिया










