Rajkot Accident: गुजरात के राजकोट जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें आर.के यूनिवर्सिटी के तीन छात्रों की मौत हो गई और पांच छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा आटकोट के जंगवड़ गांव के पास हुआ जब छात्रों की इनोवा कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।

मरने वाले सभी छात्रों की उम्र महज 19 साल थी और वे दीव घूमने जा रहे थे। मृतकों की पहचान नरेश सुब्बाराव (आंध्र प्रदेश), मोथी हर्षा (तेलंगाना) और अफरीन सय्यदना के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हादसा कैसे हुआ?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी छात्र किराए पर इनोवा कार लेकर दीव जा रहे थे। इसी दौरान जंगवड़ गांव के पास कार अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि कार की स्पीड काफी तेज थी, जिससे ड्राइवर कार पर नियंत्रण नहीं रख पाया और गाड़ी पलटकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि इनोवा के परखच्चे उड़ गए। कार में बैठे तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल छात्रों का इलाज जारी
घायलों को तत्काल राजकोट सिविल अस्पताल और अन्य नजदीकी निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर्स के अनुसार, दो छात्रों की हालत नाजुक बनी हुई है। स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
यूनिवर्सिटी और परिजनों में शोक की लहर
इस दुर्घटना की खबर मिलते ही आर.के यूनिवर्सिटी परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मृत छात्रों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें घटना की जानकारी दी और मदद का आश्वासन दिया है। छात्रों के सहपाठियों और शिक्षकों ने घटना पर गहरा दुख जताया है। कई छात्रों ने सोशल मीडिया पर अपने साथियों को श्रद्धांजलि दी।
बार-बार हो रहे ऐसे हादसे
गुजरात में हाईवे और स्टेट हाइवे पर तेज रफ्तार वाहन और ओवरटेक की कोशिश के कारण लगातार सड़क हादसों की संख्या बढ़ रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि युवा वर्ग को रोड सेफ्टी के प्रति अधिक जागरूक किए जाने की आवश्यकता है।










