Jerusalem terror attack: इजराइल की राजधानी यरुशलम के बाहरी इलाके में स्थित रामोट जंक्शन सोमवार सुबह आतंक का गवाह बना, जब दो फिलिस्तीनी हमलावरों ने भीड़भाड़ वाले बस स्टॉप पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। मृतकों में चार की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

फायरिंग के दौरान अफरा-तफरी मच गई
घटना उस वक्त हुई जब लोग सुबह के वक्त काम और स्कूल जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। इजराइली नेशनल इमरजेंसी मेडिकल सर्विस (MDA) के अनुसार, घटनास्थल पर कई लोग बेहोशी की हालत में मिले। एक रेस्क्यू वर्कर ने बताया, “हम जब पहुंचे, तो चारों तरफ अफरा-तफरी मची हुई थी। कांच टूटा पड़ा था, लोग खून से लथपथ जमीन पर गिरे हुए थे। हमने तुरंत प्राथमिक इलाज शुरू किया और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।”

पुलिस ने हमलावरों को किया ढेर
इजराइली पुलिस की त्वरित कार्रवाई में दोनों हमलावरों को मौके पर ही गोली मार दी गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हमलावर वेस्ट बैंक के फिलिस्तीनी नागरिक थे और पहले से हमले की योजना बना कर आए थे। उन्होंने कार से उतरकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी थी।
घायलों में 6 की हालत नाजुक
MDA के अनुसार, घायल हुए 15 लोगों में से 6 की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों की टीम लगातार प्रयास कर रही है कि उनकी जान बचाई जा सके। घायलों में महिलाएं, पुरुष और एक किशोर भी शामिल है।
पीएम नेतन्याहू की हाई-लेवल बैठक
हमले के तुरंत बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सीनियर सुरक्षा अधिकारियों के साथ एक आपात बैठक की। उन्होंने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि, “इजराइल अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा। आतंक के खिलाफ हमारी नीति पूरी तरह स्पष्ट है – हम इसका कड़ा जवाब देंगे।”

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, वेस्ट बैंक में छापेमारी
हमले के बाद यरुशलम और वेस्ट बैंक में सुरक्षा को और सख्त कर दिया गया है। इजराइली डिफेंस फोर्स (IDF) ने वेस्ट बैंक में कई इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
यरुशलम में हुआ यह आतंकी हमला एक बार फिर क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल को दर्शाता है। लगातार बढ़ती हिंसा और फायरिंग की घटनाएं मध्य-पूर्व में शांति प्रक्रिया के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। इजराइली प्रशासन अब हमले के पीछे की गहरी साजिश की जांच कर रहा है, ताकि ऐसे हमलों को भविष्य में रोका जा सके।
Read More : The Bengal Files फ्लॉप की ओर? विवेक अग्निहोत्री की फिल्म क्यों नहीं बना पाई ‘कश्मीर फाइल्स’ जैसी लहर











