Ambikapur News : अंबिकापुर के संकल्प भवन भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में मंत्री ओ पी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में किए गए जीएसटी सुधार आम जनता की जेब में पैसा पहुँचाने वाले साबित होंगे और व्यापार-उद्योग को नई गति देंगे।

चौधरी ने कहा कि अब तक जीएसटी में चार स्लैब थे, जिन्हें घटाकर दो कर दिया गया है। रोजमर्रा की वस्तुएं, कृषि उपकरण, स्वास्थ्य व शिक्षा से जुड़ी सामग्री, ट्रैक्टर-ऑटोमोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक्स को किफायती बनाया गया है। उन्होंने बताया कि जीएसटी करदाता 2017 के 66.5 लाख से बढ़कर 2025 में 1.51 करोड़ तक पहुँच गए हैं और जीएसटी संग्रह भी चार साल में दोगुना होकर 22.08 लाख करोड़ पर पहुंच गया है।

उन्होंने कहा कि इन सुधारों से सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों को सबसे अधिक फायदा होगा, कारीगरों को समर्थन मिलेगा, निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की लागत घटेगी। वहीं, स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने वाले उत्पादों पर 40 प्रतिशत कर लगाकर संतुलन बनाए रखा गया है।
मंत्री ओ पी चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद देते हुए कहा कि विपक्ष इस ऐतिहासिक सुधार पर दुष्प्रचार कर रहा है, जबकि यह बदलाव वास्तव में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर मंत्री राजेश अग्रवाल, जिला प्रभारी ज्योति नंद दुबे, विधायक प्रबोध मिंज, महापौर मंजूषा भगत सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।










