India vs Pakistan: एशिया कप 2025 का सबसे बहुप्रतीक्षित मुकाबला आज भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। लेकिन इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले दुबई पुलिस ने बेहद सख्त और कड़े आदेश जारी किए हैं, जिनका उल्लंघन करने पर न केवल जेल की हवा खानी पड़ सकती है, बल्कि भारी जुर्माने का भी सामना करना पड़ सकता है।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहला आमना-सामना
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी। इसके बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया और पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। इसके बाद से ही दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं। ऐसे में आज का भारत-पाक मैच सिर्फ एक खेल मुकाबला नहीं, बल्कि राजनीतिक और कूटनीतिक नजरिए से भी बेहद संवेदनशील माना जा रहा है।

दुबई पुलिस की सख्ती
दुबई पुलिस ने इस मैच को लेकर सख्त चेतावनी दी है। ऑपरेशन के सहायक कमांडर-इन-चीफ और ईएससी प्रमुख मेजर जनरल सैफ मुहैर अल मजरूई ने कहा कि इस मैच के लिए स्पेशल सिक्योरिटी यूनिट को तैनात किया गया है और कोई भी गड़बड़ी या नियम उल्लंघन होने पर सीधी जेल और जुर्माना लगाया जाएगा।
क्या है दुबई पुलिस का आदेश?
दुबई पुलिस ने जिन चीज़ों पर प्रतिबंध लगाया है, वे इस प्रकार हैं:
-
बिना अनुमति के मैदान में प्रवेश करना
-
पटाखे, लेजर, ज्वलनशील पदार्थ, नुकीली चीजें, छाते
-
बड़े कैमरे, सेल्फी स्टिक, कांच की वस्तुएं
-
झंडे, बैनर, नस्लवादी या भड़काऊ पोस्टर
-
रिमोट कंट्रोल उपकरण, साइकिल, स्कूटर, स्केटबोर्ड
-
पालतू जानवर, विषाक्त पदार्थ आदि
इन नियमों का उल्लंघन करने पर:
-
1 से 3 महीने तक की जेल
-
Dh5,000 से Dh30,000 (₹1.2 लाख से ₹7.2 लाख) तक जुर्माना
इसके अलावा:
-
हिंसा या मारपीट में शामिल होने पर
-
किसी पर वस्तु फेंकने पर
-
नस्लीय, धार्मिक या अपमानजनक भाषा के प्रयोग पर
सीधे जेल और अधिकतम जुर्माना Dh30,000 तक का प्रावधान है।
भारत में विरोध, BCCI पर सवाल
इस मैच को लेकर भारत में भी भारी विरोध देखा जा रहा है। कई नेता और पूर्व क्रिकेटर BCCI और सरकार पर सवाल उठा रहे हैं कि जब पाकिस्तान आतंकवाद को संरक्षण दे रहा है, तो उसके साथ क्रिकेट क्यों? सोशल मीडिया पर भी #BoycottIndVsPak ट्रेंड कर रहा है।
IND vs PAK मैच को लेकर भावनाएं चरम पर हैं, लेकिन दुबई प्रशासन ने यह साफ कर दिया है कि कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा। दर्शकों से अपील की गई है कि वे खेल को खेल की तरह लें और नियमों का पालन करें ताकि मैच शांति से संपन्न हो सके।










