UAE vs Pakistan: एशिया कप 2025 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के बीच रेफरी विवाद अब एक नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) द्वारा दी गई बायकॉट की धमकी के बीच अब खबर सामने आ रही है कि पाक टीम UAE के खिलाफ मैच खेलने के लिए स्टेडियम रवाना हो चुकी है, हालांकि मैच की शुरुआत में एक घंटे की देरी हो सकती है।

क्यों हुआ विवाद?
विवाद की जड़ 14 सितंबर को खेले गए भारत बनाम पाकिस्तान मैच से जुड़ी है। उस मुकाबले के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान टीम से हाथ नहीं मिलाया, जिससे नाराज होकर PCB ने मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट के सामने शिकायत दर्ज कराई।पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा और भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के बीच टॉस के समय हाथ न मिलाने को लेकर भी बात बिगड़ गई।रेफरी पाइक्रॉफ्ट द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर PCB ने ICC से मांग की कि एंडी पाइक्रॉफ्ट को पाकिस्तान के बाकी मैचों से हटाया जाए, लेकिन ICC ने यह मांग ठुकरा दी।

टीम पहले होटल में ही रुकी रही
मैच आज शाम 8 बजे दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाना है, लेकिन पाकिस्तान टीम ने रेफरी हटाने की मांग पूरी न होने तक मैदान पर न उतरने का ऐलान कर दिया था। टीम को शाम 6 बजे तक स्टेडियम पहुंचना था, लेकिन वह होटल से रवाना ही नहीं हुई थी। UAE की टीम पहले से ही स्टेडियम पहुंच चुकी थी और प्री-मैच वार्मअप कर रही थी।
चेयरमैन मोहसिन नकवी कर रहे थे मंथन
PCB सूत्रों के अनुसार, बोर्ड चेयरमैन मोहसिन नकवी ने इस पूरे विवाद पर पूर्व चेयरमैन रमीज राजा और नजम सेठी से चर्चा की। टीम मैनेजमेंट ने मंगलवार की रात प्रेस कॉन्फ्रेंस भी रद्द कर दी थी, जिससे टूर्नामेंट से पाकिस्तान के हटने की अटकलें तेज हो गई थीं। लेकिन बुधवार शाम को पाकिस्तान टीम ने मैदान पर प्रैक्टिस शुरू कर दी, जिससे संकेत मिले कि वे मैच खेलेंगे।
अब क्या है स्थिति?
पाकिस्तान की टीम स्टेडियम रवाना हो चुकी है।मैच में 1 घंटे की देरी हो सकती है।मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट ही बने रहेंगे।ICC ने साफ कर दिया है कि रेफरी बदलने का कोई सवाल नहीं उठता।मुकाबले का टॉस अब 8 बजे के करीब हो सकता है।
अहम मुकाबला, नॉकआउट जैसी स्थिति
आज का मुकाबला ग्रुप-ए के लिए निर्णायक माना जा रहा है। पाकिस्तान और UAE में से जो टीम यह मैच जीतेगी, वह सुपर-4 में टीम इंडिया के साथ जगह बनाएगी, जबकि हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का बायकॉट का नाटक आखिरकार ICC के कड़े रुख के आगे नहीं टिक पाया। रेफरी को हटाने की मांग खारिज होने के बावजूद पाकिस्तान की टीम को मैदान में उतरना पड़ा, जिससे यह संदेश भी गया कि वैश्विक मंच पर बोर्ड की दबाव नीति कारगर नहीं रही। अब देखना यह होगा कि पाकिस्तान टीम मैदान पर कैसा प्रदर्शन करती है, और यह विवाद उनकी रणनीति पर किस हद तक असर डालता है।










