Online money games ban India: भारत सरकार ने ऑनलाइन मनी गेम्स पर लगाम कसते हुए एक बड़ा और सख्त फैसला लिया है। 1 अक्टूबर 2025 से पूरे देश में ऐसे सभी गेम्स पर पूरी तरह से रोक लगा दी जाएगी, जिनमें पैसे लगाए या जीते जाते हैं। यह कानून न सिर्फ गेम्स पर लागू होगा, बल्कि उनके प्रचार और पैसों के लेन-देन पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सरकार का यह कदम ऑनलाइन गेमिंग के बढ़ते दुष्प्रभावों और लाखों लोगों के आर्थिक नुकसान को देखते हुए लिया गया है।

क्या हैं ऑनलाइन मनी गेम्स?
ऑनलाइन मनी गेम्स वे गेम्स होते हैं जो इंटरनेट पर खेले जाते हैं और जिनमें पैसे की हिस्सेदारी होती है, यानी खिलाड़ी या तो पैसे लगाकर खेलते हैं या फिर पैसे जीतने की उम्मीद रखते हैं। इनमें कई बार जुए जैसे तत्व भी होते हैं, जैसे कि:
-
रमी (Rummy)
-
पोकर (Poker)
-
फैंटेसी लीग्स (Fantasy Sports)
-
ऑनलाइन लॉटरी
-
कैसीनो जैसे सट्टा आधारित गेम्स
ये गेम्स खासकर युवाओं, बच्चों और बेरोज़गारों को टारगेट करते हैं और उन्हें आसान कमाई का झांसा देते हैं।
क्या कहता है नया कानून?
सरकार द्वारा बनाए गए इस नए कानून के तहत:
-
जुए जैसे ऑनलाइन गेम्स पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
-
ऐसे गेम्स के प्रचार, विज्ञापन और प्रमोशन करने पर दो साल तक की जेल और ₹50 लाख तक का जुर्माना लगेगा।
-
अगर कोई बैंक, पेमेंट ऐप या फिनटेक कंपनी इन गेम्स के ट्रांजैक्शन में मदद करती है तो उस पर तीन साल तक की जेल और ₹1 करोड़ तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
-
बार-बार नियम तोड़ने वालों पर अधिक सख्त दंड लागू किया जाएगा।
सरकार ने साफ कहा है कि “अब कोई ढील नहीं दी जाएगी।”
सरकार ने क्या कहा?
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी देते हुए कहा, “सरकार पिछले तीन वर्षों से ऑनलाइन गेमिंग कंपनियों के साथ संवाद कर रही थी। अब संसद से कानून पारित हो गया है और इसके नियम भी तय कर दिए गए हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि सरकार बैंकों, कंपनियों और फिनटेक संस्थानों से बातचीत कर रही है ताकि वे अपनी तकनीकी व्यवस्थाएं समय पर अपडेट कर सकें।“अगर किसी को थोड़ा अतिरिक्त समय चाहिए, तो हम संवाद के लिए तैयार हैं, लेकिन कानून 1 अक्टूबर से ही लागू होगा।”
बैंकों और पेमेंट ऐप्स को सतर्कता बरतने के निर्देश
सरकार ने बैंकों और डिजिटल पेमेंट कंपनियों को निर्देश दिया है कि वे ऑनलाइन मनी गेम्स से जुड़े किसी भी लेन-देन को रोकने के लिए अपने सिस्टम में बदलाव करें।
सितंबर में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में इन कंपनियों ने कहा था कि उन्हें तकनीकी बदलाव के लिए थोड़ा और वक्त चाहिए, लेकिन सरकार ने दो टूक कहा कि कानून में किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।
क्यों लिया गया ये कड़ा फैसला?
-
45 करोड़ भारतीयों के ऐसे ऑनलाइन गेम्स में शामिल होने की रिपोर्ट सामने आई है।
-
20,000 करोड़ रुपये से ज्यादा लोगों ने इन गेम्स में गवाएं हैं।
-
आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक तनाव, पारिवारिक कलह और आत्महत्या जैसे गंभीर मामले भी बढ़े हैं।
-
छोटे बच्चे और किशोर लत का शिकार हो रहे थे।
सरकार का कहना है कि यह कानून लाखों परिवारों को आर्थिक और सामाजिक नुकसान से बचाने की दिशा में एक अहम कदम है।
सरकार का यह निर्णय उन सभी लोगों के लिए चेतावनी है जो अब भी ऑनलाइन मनी गेम्स को हल्के में लेते हैं।
1 अक्टूबर 2025 से अगर कोई भी व्यक्ति, कंपनी या फिनटेक संस्था इस कानून का उल्लंघन करती है तो उसे कड़ी सजा का सामना करना पड़ेगा।










