Ambikapur News : जनपद पंचायत अंबिकापुर परिसर में गुरुवार को संपन्न हुए ब्लॉक सरपंच संघ के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी और ग्राम सरई टिकरा के सरपंच रामसाय मिंज ने भारी बहुमत से जीत हासिल की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी सोनू तिग्गा को करारी शिकस्त देते हुए 76-23 मतों से विजय दर्ज की।

इस चुनाव में अंबिकापुर ब्लॉक की 101 ग्राम पंचायतों में से 99 सरपंचों ने मतदान किया। दो सरपंच व्यक्तिगत कारणों से उपस्थित नहीं हो सके। मुकाबला मुख्य रूप से कांग्रेस समर्थित रामसाय मिंज और सोनू तिग्गा के बीच रहा, लेकिन मतदान परिणाम ने इसे एकतरफा बना दिया।

अंबिकापुर ब्लॉक में पहले से ही कांग्रेस का दबदबा माना जाता है। अब सरपंच संघ के चुनाव में भी कांग्रेस की इस जीत को ग्रामीण अंचल में पार्टी की मजबूती का बड़ा संकेत माना जा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि अंबिकापुर के दोनों जिला पंचायत क्षेत्रों में भाजपा के दिग्गज नेताओं के परिजन जिला पंचायत सदस्य चुने गए हैं, इसके बावजूद कांग्रेस ने पंचायत संघ के चुनाव में एकतरफा जीत दर्ज की है।
राजनीतिक जानकार मानते हैं कि यह परिणाम आने वाले स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों के लिए भी कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने वाला साबित हो सकता है।










