Rahul Gandhi Kerala statement: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक कार्यक्रम के दौरान देश में घटती लोकतांत्रिक मूल्यों और नेताओं के बढ़ते अहंकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने केरल के मुख्यमंत्री की विनम्रता की सराहना करते हुए कहा कि यह दुर्लभ गुण अब राजनीति में कम ही देखने को मिलता है।

राहुल गांधी ने कहा, “केरल के मुख्यमंत्री एक विनम्र व्यक्ति हैं। आजकल नेता, चाहे वे किसी भी स्तर के हों, थोड़ी सी भी शक्ति पाते ही अहंकारी हो जाते हैं। राष्ट्रीय स्तर पर भी कई वरिष्ठ नेता हैं जिनमें जरा भी विनम्रता नहीं बची है।” उन्होंने बिना किसी का नाम लिए भाजपा और केंद्र सरकार पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा।

लोकतंत्र पर गंभीर चिंता
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने यह भी कहा कि देश में लोकतांत्रिक संस्थानों और स्वतंत्र अभिव्यक्ति के मंचों को लगातार दबाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “पूरे देश में लोकतांत्रिक स्थान बंद किए जा रहे हैं, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला हो रहा है। मुझे खुशी है कि हम यहां एक ऐसे लोकतांत्रिक मंच का उद्घाटन कर रहे हैं, जहां सच्चाई को आवाज दी जा सकेगी।”
राहुल गांधी का यह बयान उस समय आया है जब देशभर में मीडिया की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर बहस तेज है। पत्रकारों की गिरफ़्तारी, पोर्टलों पर छापे और सोशल मीडिया पर सेंसरशिप जैसे मुद्दों ने इस बहस को और गहरा कर दिया है।
केरल मॉडल की तारीफ
राहुल गांधी ने केरल सरकार और यहां के लोकतांत्रिक माहौल की सराहना करते हुए कहा कि यहां संवाद की संस्कृति अभी भी जीवित है। उन्होंने कहा कि डिजिटल और प्रिंट मीडिया को एक ऐसी जगह की ज़रूरत है जहां वे बिना डर के सच्चाई को सामने ला सकें, और केरल में ऐसी पहल स्वागत योग्य है।
राहुल गांधी का यह बयान जहां केरल सरकार की तारीफ करता है, वहीं देश के राजनीतिक नेतृत्व को आईना दिखाने का भी काम करता है। उनके इस बयान को आने वाले समय में राजनीतिक हलकों में गंभीरता से लिया जा सकता है, खासकर 2029 के आम चुनाव की तैयारियों के मद्देनज़र।










