Ambikapur News : शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, नव विश्व भवन चोपड़ापारा में इस वर्ष भी परंपरानुसार चैतन्य देवियों की भव्य झांकी सजाई गई। सोमवार, 22 सितंबर को इस झांकी का शुभारंभ पार्षद आलोक दुबे, भाजपा नेता करता राम गुप्ता, पूर्व पार्षद रमेश जायसवाल, व्यवसायी शैलेंद्र गर्ग, प्रेमलता गुप्ता, माधुरी दुबे एवं ब्रह्माकुमारी विद्या दीदी ने दीप प्रज्वलित कर किया।



ब्रह्माकुमारी विद्या दीदी ने बताया कि वे नारी, जिन्होंने परमात्मा से प्राप्त ज्ञान के माध्यम से अपने अवगुणों और विकारों पर विजय पाई तथा पवित्रता और दिव्यता का जीवन अपनाया, उन्हीं की स्मृति में नवरात्रि पर देवियों के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। उन्होंने कहा कि इस झांकी का उद्देश्य समाज में नारी के प्रति सम्मान, आदर्श और प्रेरणा की भावना जागृत करना है। यह झांकी 2 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक भक्तों के दर्शनों हेतु खुली रहेगी।

इस अवसर पर भाजपा पार्षद आलोक दुबे ने नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विगत 25 वर्षों से ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा यह झांकी सजाई जा रही है और इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। भाजपा नेता करता राम गुप्ता ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि चैतन्य देवियों की झांकी न केवल आध्यात्मिक अनुभूति कराती है, बल्कि लोगों को अपने भीतर के विकारों से दूर रहकर सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देती है। वहीं, पूर्व पार्षद रमेश जायसवाल ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज ने देवियों के वास्तविक स्वरूपों का साक्षात दर्शन कराकर समाज को अद्भुत शांति और आनंद का अनुभव कराया है।

इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। प्रमुख रूप से सोनू, श्रवण, व्यवसायी विजय अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने झांकी का दर्शन किया और संस्था में संचालित म्यूजियम का अवलोकन भी किया।











