Bulldozer action Chhattisgarh: राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाते हुए गांजा तस्करों के ठिकानों पर बुलडोजर चला दिया है। खमतराई के डेरापारा इलाके में 15 अवैध मकानों को निगम की मदद से जमींदोज किया गया, जहां से गांजा और अवैध शराब की तस्करी की जा रही थी। ये सभी मकान नगर निगम की जमीन पर अतिक्रमण करके बनाए गए थे, और इन्हें तस्करी के अड्डे के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था।

निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
पुलिस की सूचना पर जब इन मकानों की जांच की गई तो पता चला कि वहां अवैध रूप से बिजली कनेक्शन भी लिए गए थे, जिसकी पुष्टि बिजली विभाग ने की। अतिक्रमण की पुष्टि के बाद रायपुर नगर निगम और बिजली विभाग को पत्र भेजा गया, जिसके बाद पुलिस और निगम की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर 15 ठिकानों को ध्वस्त कर दिया।

इन मकानों में रहने वाले अधिकांश आरोपी दुर्ग और राजनांदगांव से आए हुए थे, जो रायपुर में अस्थायी रूप से झोपड़ियां बनाकर गांजा बेचने का काम कर रहे थे। इनमें से 15 तस्करों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है, और बाकी लोगों को मकान खाली करने के लिए नोटिस दिया गया है।
एक हफ्ते में 60 से ज्यादा गिरफ्तारियां
बीते एक सप्ताह में रायपुर पुलिस ने नशा तस्करी के 40 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की है। इस दौरान 60 महिला और पुरुषों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस की लगातार सख्ती के चलते कई तस्कर या तो अंडरग्राउंड हो गए हैं या शहर छोड़कर भाग चुके हैं।
अवैध शराब बेचती दो महिलाएं पकड़ी गईं
21 सितंबर को खमतराई थाना पुलिस ने सूचना के आधार पर रावांभाठा क्षेत्र में रेनु सोनवानी और चांदनी सोनी नामक दो महिलाओं को गिरफ्तार किया था, जो अवैध रूप से देशी शराब बेच रही थीं। पुलिस ने इनसे 181 बोतल शराब जब्त की थी। जिन मोहल्लों से ये गिरफ्तारियां हुईं, वहीं पर अब बुलडोजर कार्रवाई की गई है।
अन्य इलाकों में भी सख्ती की तैयारी
खमतराई के अलावा तेलीबांधा, कालीबाड़ी और कुकुरबेड़ा जैसे इलाकों से भी गांजा, टैबलेट और सिरप जैसे सूखे नशे की बिक्री की शिकायतें मिल रही हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इन क्षेत्रों में भी जल्द ही तस्करों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के लिए संपत्तियों पर कार्रवाई की योजना बनाई जा रही है।
गांजा पीने वालों पर भी कार्रवाई
नए कानूनों के तहत गांजा पीने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है। ऐसे व्यक्तियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है, जिससे नशे की खपत को भी नियंत्रित किया जा सके। पुलिस ने साफ कहा है कि अब न केवल बेचने वाले, बल्कि नशा करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर में गांजा और सूखे नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई अब सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रही, बल्कि तस्करों की कमर तोड़ने के लिए उनकी अवैध संपत्तियों को भी ध्वस्त किया जा रहा है। खमतराई की यह बुलडोजर कार्रवाई पूरे शहर के लिए एक सख्त संदेश है कि नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Raed More: Sameer Wankhede : शाहरुख खान और नेटफ्लिक्स पर मानहानि केस, समीर वानखेड़े का बड़ा कदम











