UP international trade: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 (UPITS-2025) के उद्घाटन के एक दिन बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “उत्तर प्रदेश में असली विकास तभी संभव होगा, जब भाजपा की सरकार को हटाया जाएगा।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को यूपीआईटीएस-2025 का उद्घाटन किया था, जो कि ‘मेक इन इंडिया’, ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे अभियानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। यह कार्यक्रम इंडिया एक्सपो सेंटर, ग्रेटर नोएडा में चल रहा है। भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर निशाना अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “उत्तर प्रदेश में भाजपा ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। हर विभाग में बड़े पैमाने पर घोटाले हो रहे हैं।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि सरकार आम जनता का ध्यान असल मुद्दों से भटकाने के लिए “कभी क्रीम-पाउडर में दो रुपये कम करने” जैसे प्रचार करती है। जीएसटी पर सवाल नए जीएसटी स्लैब को लेकर भी अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, “सरकार को यह समझने में नौ साल लग गए कि जीएसटी से व्यापारियों और आम जनता को भारी परेशानी हो रही है। जब यह नीति लागू हुई थी, तभी विशेषज्ञों ने इसके जटिल स्वरूप की आलोचना की थी, लेकिन सरकार ने तब कोई सुनवाई नहीं की।” विकास बनाम प्रचार की राजनीति अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार केवल प्रचार में विश्वास करती है, जबकि जमीनी स्तर पर न तो किसानों की हालत सुधरी है, न ही युवाओं को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा, “अगर वाकई में सरकार ‘विकास’ चाहती है, तो उसे रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और किसान की चिंता करनी चाहिए, न कि केवल आयोजनों पर ध्यान देना चाहिए।” ट्रेड शो का उद्देश्य उधर, केंद्र सरकार का कहना है कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का उद्देश्य राज्य के उत्पादों को वैश्विक मंच देना है। यह आयोजन स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की एक पहल है, जिससे लघु एवं मध्यम उद्योग (MSME) को नई ऊर्जा मिल सके। Read More: HAL Tejas order: भारतीय वायुसेना को मिलेंगे 97 तेजस, HAL को 62,370 करोड़ की डील














