Ambikapur News : नगर के गांधी स्टेडियम में जारी संभाग स्तरीय नॉकआउट कम लीग फुटबॉल प्रतियोगिता रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुकी है। रविवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में दर्शकों ने सांसें थमा देने वाला संघर्ष देखा। ट्राइबल टाइगर अंबिकापुर और रेलवे करंजी के बीच खेला गया मैच फुटबॉल कौशल और जज्बे का बेहतरीन नमूना रहा, जिसका निर्णय अंततः पेनल्टी शूटआउट से हुआ। पहले हाफ में रेलवे करंजी की टीम ने एक बेहतरीन गोल दागते हुए 1-0 की बढ़त बना ली थी। पूरे स्टेडियम में खचाखच भरी भीड़ रोमांच से भर गई थी। मैच के अंतिम क्षणों में ट्राइबल टाइगर ने लगातार दबाव बनाया और बराबरी का गोल कर मुकाबले को 1-1 पर ला दिया। दर्शकों का उत्साह चरम पर था और हर पास पर तालियों की गूंज सुनाई दे रही थी। निर्णय पेनल्टी शूटआउट पर पहुंचा, जहाँ ट्राइबल टाइगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-2 से जीत दर्ज की और फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब यह टीम खिताब जीतने से महज एक कदम दूर है। इस प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 30 सितंबर को दोपहर 3 बजे गांधी स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं दूसरा सेमीफाइनल सरगुजा 11 और फाइटर क्लब मेंड्राखुर्द के बीच कल खेला जाएगा। आज के मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में जिला फुटबॉल संघ के संरक्षक रविंद्र तिवारी, जगजीत मिंज, छोटू थॉमस, जगदीश दुबे, जय माता दी मेडिकल स्टोर के संचालक उपेंद्र गुप्ता, थोक फल विक्रेता संघ के सचिव जितेंद्र अग्रहरि, संदीप तिर्की और मयूर स्पोर्ट्स के संचालक उपस्थित रहे। निर्णायक की भूमिका दिनेश तिर्की, आयुष, अंकुश, अनुप्रास, कमलेश, अखिलानंद और दीपक कुजूर ने निभाई। गांधी स्टेडियम में हुए इस रोमांचक मैच ने फुटबॉल प्रेमियों को यादगार पल दिए और अब सभी की नजरें फाइनल मुकाबले पर टिक गई हैं।















