Asia Cup 2025 Final Controversy: एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। लेकिन जीत के बाद जो विवाद सामने आया, उसने क्रिकेट प्रेमियों को चौंका दिया। ट्रॉफी भारत की थी, पर ACC (एशियन क्रिकेट काउंसिल) के चेयरमैन मोहसिन नकवी उसे लेकर अपने होटल चले गए। इतना ही नहीं, उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों के मेडल भी अपने पास ही रख लिए। अब इस मुद्दे पर BCCI ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

क्यों नहीं ली टीम इंडिया ने ट्रॉफी?
मैच के बाद प्रेजेन्टेशन सेरेमनी के दौरान जब ट्रॉफी देने की बारी आई, तब BCCI ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। इसके पीछे का कारण बताते हुए BCCI सेक्रेटरी देवजीत साइकिया ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच वर्तमान हालात को देखते हुए, भारतीय टीम एक युद्धरत देश के प्रतिनिधि से ट्रॉफी नहीं लेना चाहती थी। इसलिए टीम इंडिया ने ACC चेयरमैन की जगह अमीरात क्रिकेट बोर्ड के वाइस चेयरमैन से ट्रॉफी लेने की इच्छा जताई।

नकवी का असंवेदनशील रवैया
टीम इंडिया के इनकार से नाराज़ होकर मोहसिन नकवी ट्रॉफी और मेडल अपने होटल लेकर चले गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नकवी ने यह भी कहा कि अगर भारतीय टीम ट्रॉफी नहीं लेना चाहती, तो इसकी ज़रूरत नहीं है। BCCI ने उनके इस व्यवहार को “खेल भावना के खिलाफ” बताया है।
BCCI का तीखा जवाब
BCCI सचिव देवजीत साइकिया ने साफ कहा कि ट्रॉफी न लेना एक कूटनीतिक फैसला था, लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि नकवी उसे अपने पास रख लें। उन्होंने इसे “बर्दाश्त के बाहर” बताते हुए कहा कि ट्रॉफी भारत की है और उसे जल्द से जल्द लौटाया जाना चाहिए।
क्या होगा अब?
BCCI अब इस मामले में कड़ी कार्रवाई के मूड में है। देवजीत साइकिया ने साफ संकेत दिया है कि BCCI, ACC में इस मुद्दे को उठाएगी और मोहसिन नकवी के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग करेगी। साथ ही, भविष्य में ऐसे हालात से बचने के लिए नई गाइडलाइंस भी लागू की जा सकती हैं।Asia Cup 2025 की जीत भारतीय क्रिकेट के लिए गौरव का विषय थी, लेकिन ट्रॉफी विवाद ने समारोह की गरिमा को ठेस पहुंचाई है। अब देखना यह होगा कि ACC और ICC इस मामले पर क्या रुख अपनाते हैं और क्या ट्रॉफी भारत को सम्मानपूर्वक सौंपी जाएगी या नहीं।
Read More : Lahore Spiritual History: लाहौर कभी भारत की आध्यात्मिक राजधानी! रामायण से सिख गुरुओं तक, जानें अनसुनी सच्चाई











