Ambikapur News : भारत सरकार के अल्पसंख्यक आयोग की सलाहकार समिति के सदस्य प्रकाश मोदी के अंबिकापुर आगमन पर सोमवार को जैन मैत्री संघ द्वारा सर्किट हाउस में उनका स्वागत किया गया। इसके बाद वे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित अल्पसंख्यक समुदाय की बैठक में शामिल हुए, जहाँ उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से अल्पसंख्यक समुदाय के लिए संचालित आर्थिक सहायता और योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

बैठक में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि रहे शामिल
बैठक में जैन समाज के अध्यक्ष विक्रांत जैन, मनोज डागा, मुस्लिम समाज से शफी अहमद और इरफान सिद्दीकी, सिख समाज से रविन्द्र टुटेजा और पार्षद पपिन्दर सिंह, ईसाई समाज के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
सभी समुदायों के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी समस्याओं और सुझावों को सामने रखा। इस मौके को अल्पसंख्यक समुदाय को जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर बताया गया।

अधिकारियों ने दी आवेदन प्रक्रिया की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान अपर कलेक्टर धुर्वे ने योजनाओं के अंतर्गत आवेदन की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। ट्राइबल विभाग के अधिकारी ललित शुक्ला ने भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक ढिल्लो ने अल्पसंख्यक समुदाय को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
जैन मंदिर में हुआ सम्मान समारोह

बैठक के पश्चात मोदी जैन मंदिर पहुँचे, जहाँ उन्होंने जैन समाज के लोगों को संबोधित किया। इस अवसर पर जैन समाज द्वारा मोदी, अपर कलेक्टर धुर्वे और ट्राइबल विभाग के अधिकारी ललित शुक्ला का शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में जैन समाज के अध्यक्ष विक्रांत जैन, डॉ. एमके जैन, अशोक जैन, अजीत जैन, रूबी जैन, राहुल जैन, अतुल जैन, रमेश जैन, अखिलेश जैन, राजेश जैन, अंकिता जैन, जयंत जैन, मनोज डागा सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग उपस्थित रहे।











