Khandwa Accident: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में गुरुवार (2 अक्टूबर) को नवरात्र उत्सव के दौरान एक बड़े हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। घटना पंधाना थाना क्षेत्र के जामली गांव में हुई, जहां माता की प्रतिमा विसर्जन के लिए ले जाई जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। इस हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया है। जानकारी अनुसार, जामली गांव से लोग नवरात्रि उत्सव के समापन पर प्रतिमा विसर्जन के लिए नदी की ओर जा रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली एक संकरी पुलिया पार कर रही थी, अचानक वह फिसल गई और सीधे नदी में पलट गई। हादसे के बाद चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। पहले पांच मौत की पुष्टि हुई थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 11 तक पहुंच गई। कई अन्य लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। रेस्क्यू अभियान और प्रशासन की मौजूदगी हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। नदी में गिरे लोगों की तलाश जारी है। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे जा रहे हैं। पूरे क्षेत्र में मातम इस दिल दहला देने वाले हादसे से जामली गांव समेत आसपास का इलाका शोक में डूब गया है। प्रतिमा विसर्जन के माहौल में अचानक हुए इस हादसे ने पूरे उत्सव को मातम में बदल दिया। ग्रामीणों ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि बचाव का कोई मौका ही नहीं मिल पाया। अधिकारियों का कहना है कि हादसे की पूरी जांच कराई जाएगी और पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद की जाएगी। मुख्यमंत्री की ओर से भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया गया है और मृतकों के परिजनों को सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच और सुरक्षा पर सवाल यह हादसा फिर से सवाल खड़े करता है कि बड़े धार्मिक आयोजनों या विसर्जन यात्राओं के दौरान सुरक्षा इंतजाम क्यों पर्याप्त नहीं होते। संकरी पुलिया और ट्रॉली के अधिक भीड़भाड़ से लदा होना हादसे की गंभीर वजह माना जा रहा है। Read More : Leh violence news: वांगचुक की पत्नी का सवाल, क्या भारत वाकई आजाद है? लेह हिंसा पर मजिस्ट्रेट जांच के आदेश, इंटरनेट बंद














