Toxic Cough Syrup Death : मध्य प्रदेश में बच्चों की मौत का कारण बने जहरीले कफ सिरप को लेकर बड़ा एक्शन लिया गया है। छिंदवाड़ा पुलिस ने उस डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है जिसने जहरीला कफ सिरप बच्चों को प्रिस्क्राइब किया था। आरोपी डॉक्टर की पहचान प्रवीण सोनी के रूप में हुई है। इस सिरप के सेवन से अब तक 11 मासूम बच्चों की मौत हो चुकी है।

डॉक्टर और दवा कंपनी पर एफआईआर
यह मामला तब सामने आया जब बीएमओ अंकित द्वारा स्वास्थ्य विभाग को शिकायत दी गई कि डॉक्टर प्रवीण सोनी ने बच्चों को ऐसी दवा लिखी जो मानकों पर खरी नहीं उतरी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए डॉक्टर प्रवीण सोनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तुरंत गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही दवा बनाने वाली श्रीसन कंपनी पर भी केस दर्ज किया गया है, जो कोल्ड्रिफ कफ सिरप का निर्माण करती है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख, दिए सख्त निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने पूरे मध्य प्रदेश में कोल्ड्रिफ कफ सिरप की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इसके साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि जो भी दवाएं गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरतीं, उन्हें तत्काल जब्त किया जाए। सीएम ने स्पष्ट कहा है कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
मृतकों के परिजनों को मिलेगा मुआवजा
मुख्यमंत्री ने मृत बच्चों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, जिन बच्चों का इलाज चल रहा है, उसका पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। सीएम मोहन यादव ने कहा, “छिंदवाड़ा में बच्चों की मौत अत्यंत दुखद है। सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।”
प्रदेशभर में छापेमारी जारी
स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीमें पूरे राज्य में दवा दुकानों पर छापेमारी कर रही हैं। संदिग्ध और घटिया गुणवत्ता वाली दवाओं को जब्त किया जा रहा है। राज्यभर में दवा कंपनियों की जांच तेज कर दी गई है ताकि भविष्य में ऐसी कोई घटना दोबारा न हो।

छिंदवाड़ा में घटित यह दर्दनाक हादसा पूरे प्रदेश के लिए चेतावनी है कि स्वास्थ्य सेवाओं और दवा की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। डॉक्टरों की लापरवाही और घटिया दवाओं के खिलाफ सरकार का यह कदम सराहनीय है। अब देखना होगा कि दोषियों को कितनी सख्त सजा मिलती है और क्या यह कार्रवाई भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगा पाएगी।
Read More: Devil Danger Signs: शैतान आपके पीछे है? जानें कैसे पहचानें खतरे के संकेत और करें बचाव!











