IND-W vs PAK-W: भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले हमेशा रोमांच से भरपूर होते हैं, लेकिन जब बात महिला क्रिकेट की होती है तो आंकड़े साफ तौर पर एकतरफा तस्वीर पेश करते हैं। 5 अक्टूबर को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप 2025 के लीग राउंड में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। यह मैच सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि बीते एशिया कप विवादों की छाया में होने जा रहा है। न होंगे हैंडशेक, न होगी दोस्ती की झलक इस मैच के शुरू होने से पहले ही यह स्पष्ट कर दिया गया है कि खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक नहीं होगा। खबरों के मुताबिक, BCCI ने भारतीय महिला खिलाड़ियों को पाकिस्तानी टीम से हाथ न मिलाने का निर्देश दिया है, जैसा कि एशिया कप के दौरान भी देखा गया था। पाकिस्तान की महिला टीम भारत आने से इनकार कर चुकी है, जिसके चलते टूर्नामेंट के उनके मैच श्रीलंका में कराए जा रहे हैं। प्रदर्शन में जमीन-आसमान का अंतर भारतीय महिला टीम वर्ल्ड कप की मजबूत दावेदार मानी जा रही है। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारत ने अपने पहले मैच में श्रीलंका को आसानी से हराया था। हालांकि बल्लेबाजी कुछ हद तक फीकी रही थी। दूसरी ओर, पाकिस्तान की टीम क्वालिफाइंग राउंड से होते हुए टूर्नामेंट में आई है और बांग्लादेश के खिलाफ पहला मुकाबला बुरी तरह हार गई। आंकड़े कह रहे हैं – ‘फिर होगी सरेंडर’ भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें जब भी वनडे क्रिकेट में भिड़ी हैं, भारत का पलड़ा भारी रहा है। वर्ल्ड कप में दोनों के बीच 4 मुकाबले हुए हैं, जिनमें भारत ने सभी जीते। कुल मिलाकर 11 वनडे मैचों में भारत ने पाकिस्तान को हर बार हराया है। वर्ल्ड कप 2022 में भारत ने पाकिस्तान को 107 रन से हराया था। किसे मौका मिलेगा लय पाने का? इस मुकाबले में भारतीय टीम की नजर कुछ बल्लेबाजों की फॉर्म सुधारने पर भी होगी। स्मृति मंधाना, जो पिछले मैच में सिर्फ 8 रन बना सकीं, पाकिस्तान के खिलाफ भी अब तक खास नहीं कर सकी हैं। हरमनप्रीत कौर (21 रन) और जेमिमा रॉड्रिग्ज (0 रन) भी खुद को साबित करना चाहेंगी।यह मैच उनके लिए आत्मविश्वास बढ़ाने का मौका हो सकता है। बारिश डाल सकती है खलल मैच पर मौसम का साया भी मंडरा रहा है। कोलंबो में शनिवार को बारिश के कारण श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया का मैच रद्द हो गया था। रविवार को भी दोपहर 12 बजे तक बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि, दोपहर 3 बजे के बाद मौसम साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन हालात कब बदल जाएं कहना मुश्किल है। भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच यह मुकाबला क्रिकेट से ज्यादा प्रतिष्ठा की टक्कर बन चुका है। जहां भारत मैदान पर जीत की प्रबल दावेदार है, वहीं पाकिस्तान को प्रदर्शन सुधारने के लिए किसी करिश्मे की ज़रूरत होगी। अगर बारिश ने खलल नहीं डाला, तो भारतीय महिला टीम एक बार फिर पाकिस्तान पर अपनी श्रेष्ठता साबित करने को तैयार है। Read More : Goa Politics 2025: गोवा में कांग्रेस से गठबंधन से AAP का इनकार, केजरीवाल बोले – कांग्रेस ने बीजेपी को ‘विधायक बेचे’
















