Darjeeling Bridge Collapse: पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में भारी बारिश के चलते बड़ा हादसा हो गया। मिरिक इलाके में एक पुल ढहने से 6 लोगों की मौत हो गई है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। प्रशासन राहत कार्य में जुटा है और खराब मौसम के कारण अलर्ट जारी कर दिया गया है।

अरब सागर में उठा चक्रवात ‘शक्ति’ बना गंभीर तूफान
उधर, अरब सागर में मानसून के बाद उठा पहला चक्रवात ‘शक्ति’, अब गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल चुका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार यह तूफान गुजरात के द्वारका से करीब 420 किलोमीटर दूर समुद्र में सक्रिय है। इसकी गति 100 किमी प्रति घंटे तक पहुंच रही है। अगले 24 घंटों में यह पश्चिम-दक्षिण पश्चिम की ओर बढ़ेगा और फिर सोमवार से पूर्वोत्तर दिशा में मुड़ते हुए धीरे-धीरे कमजोर पड़ सकता है।

गुजरात और महाराष्ट्र में तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी
‘शक्ति’ चक्रवात का असर अब गुजरात और उत्तर महाराष्ट्र के तटीय जिलों में दिखने लगा है। समुद्र में तेज लहरें उठ रही हैं और हवाएं तेज हो गई हैं। मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में 7 अक्टूबर तक चक्रवात की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में भारी बारिश और बाढ़ की आशंका है।
IMD ने बताया है कि चक्रवात के असर से गुजरात, महाराष्ट्र और पाकिस्तान के तटीय क्षेत्रों में समुद्र में उथल-पुथल हो सकती है। 7 अक्टूबर तक इन इलाकों में तेज हवाओं, ऊंची समुद्री लहरों और मूसलधार बारिश की संभावना जताई गई है।
महाराष्ट्र सरकार ने जारी किए दिशा-निर्देश
महाराष्ट्र सरकार ने आपदा प्रबंधन (Disaster Management) को सक्रिय कर दिया है। खासकर विदर्भ और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में भी बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। उत्तरी कोंकण के निचले तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि नागरिकों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।मछुआरों को 7 अक्टूबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। तटीय इलाकों में सभी गतिविधियां अस्थायी रूप से रोकी जा रही हैं।











