Jaipur Ajmer Highway Accident: जयपुर-अजमेर हाईवे पर मौजमाबाद के समीप मंगलवार रात 10 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सिलेंडर से भरे एक ट्रक और ट्रेलर के बीच टक्कर होते ही ट्रक में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि ट्रक में रखे गैस सिलेंडरों में एक के बाद एक धमाके होने लगे, जिससे आसपास खड़ी 7 से 8 गाड़ियां भी जलकर खाक हो गईं। इस दुर्घटना में करीब 200 सिलेंडर घण्टों तक फटते रहे जिसका धमाका कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दे रहा था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब ट्रेलर ने एक अवैध कट से मुड़ रहे सिलेंडर लदे ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते ट्रक पटाखों की तरह फटते सिलेंडरों से गूंज उठा।

चालक व खलासी गंभीर रूप से झुलसे
ट्रक में आग लगते ही चालक और खलासी को भागने का मौका नहीं मिल पाया। दोनों गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक में लगी आग के बाद जो धमाके हुए, उनसे पूरा इलाका दहल उठा। ट्रक में लगातार हो रहे सिलेंडर ब्लास्ट की आवाजें कई किलोमीटर दूर तक सुनी गईं। आग की लपटें और धुआं आसमान तक पहुंच गया। कई वाहन चालक अपनी गाड़ियां छोड़कर भाग खड़े हुए।
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के साथ-साथ दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने में काफी समय लग गया, तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। साथ ही आसपास खड़ी कई कारें और अन्य वाहन भी आग की चपेट में आ गए।
उपमुख्यमंत्री प्रेम बैरवा पहुंचे मौके पर
राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेम बैरवा भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, “इस दर्दनाक हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।”
जांच के आदेश
प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक रिपोर्ट में अवैध कट से मुड़ने की वजह से यह दुर्घटना होना सामने आया है। ट्रक में लदे गैस सिलेंडरों की संख्या और उनके मानकों की भी जांच की जा रही है।
जयपुर-अजमेर हाईवे पर हुआ यह हादसा अवैध कट, लापरवाही और ओवरलोडिंग की त्रासदी का उदाहरण है। गनीमत रही कि समय रहते आसपास के लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया, नहीं तो यह हादसा और बड़ा रूप ले सकता था। प्रशासन से उम्मीद है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सकेगी।
Read More : Karwa Chauth 2025 : करवा चौथ मंत्र: 2025 में करें इन चमत्कारी मंत्रों का जाप, जीवन में बढ़ेगी खुशहाली











