MY Bharat NSS Award 2022-23: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की बेटी लखनी साहू ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्हें वर्ष 2022-23 के MY Bharat – NSS (राष्ट्रीय सेवा योजना) राष्ट्रीय पुरस्कार से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार 6 अक्टूबर को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया। लखनी साहू की यह उपलब्धि प्रदेश के लिए गर्व का विषय बनी हुई है।

कौन हैं लखनी साहू?
लखनी साहू कोरबा जिले के ई. विश्वेश्वरैया इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा हैं और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की सक्रिय स्वयंसेविका हैं। उन्होंने समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता, ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में लगातार कार्य किया है। उनकी सेवाएं न केवल कॉलेज स्तर पर बल्कि सामुदायिक स्तर पर भी प्रशंसनीय रही हैं।

राष्ट्रपति से मिला राष्ट्रीय पुरस्कार
MY Bharat- NSS Award भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा प्रदान किया जाता है। यह पुरस्कार उन NSS स्वयंसेवकों को दिया जाता है जिन्होंने समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में अनुकरणीय योगदान दिया हो। 1969 में शुरू हुई यह योजना आज देश के लाखों युवाओं को सेवा भावना से जोड़ती है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लखनी साहू को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा:”छत्तीसगढ़ की बेटी, देश का गौरव, कोरबा की बिटिया लखनी साहू, ई. विश्वेश्वरैया इंजीनियरिंग कॉलेज की एनएसएस स्वयंसेविका ने अपने समर्पण, सेवा और कर्मनिष्ठा से पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है।”
सीएम साय ने यह भी कहा कि लखनी की यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें देश सेवा व जनकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने एक 1 मिनट 10 सेकंड का वीडियो भी साझा किया जिसमें लखनी के कार्यों और समाजसेवा की झलक दी गई है।
युवाओं के लिए प्रेरणा
लखनी साहू की यह उपलब्धि साबित करती है कि यदि सेवा की भावना और समर्पण हो, तो हर युवा राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकता है। MY Bharat – NSS जैसे पुरस्कार न केवल युवाओं के प्रयासों को सम्मानित करते हैं, बल्कि उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रोत्साहित भी करते हैं।











