Varinder Singh Ghumman: पंजाब के जालंधर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। भारत के मशहूर बॉडी बिल्डर वरिंदर सिंह घुम्मन का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि वे किसी चिकित्सकीय सलाह के लिए अमृतसर गए हुए थे, जहां अचानक हार्ट अटैक आने से उनकी मौत हो गई। घुम्मन के असामयिक निधन से पूरे बॉडी बिल्डिंग और फिटनेस जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

शाकाहारी बॉडी बिल्डर के रूप में पहचान
वरिंदर सिंह घुम्मन को दुनिया के पहले प्रोफेशनल शाकाहारी बॉडी बिल्डर के रूप में जाना जाता था। उन्होंने इस धारणा को तोड़ा कि बिना मांसाहार के मस्कुलर बॉडी बनाना संभव नहीं है। वे न केवल शाकाहारी थे, बल्कि गाय के दूध और भारतीय देसी खानपान को अपनाकर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करते थे।

राजनीति में भी थी सक्रियता की तैयारी
वरिंदर घुम्मन सिर्फ फिटनेस की दुनिया तक सीमित नहीं थे। वे सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाने की तैयारी में थे। उन्होंने स्वयं यह स्वीकार किया था कि वे 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने का मन बना चुके हैं। उनके समर्थकों को उनसे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन उनका यूं अचानक चले जाना एक अपूरणीय क्षति है।
मैन ऑफ इंडिया: भारत का गौरव
वरिंदर घुम्मन को अक्सर ‘मैन ऑफ इंडिया’ कहा जाता था। उन्होंने भारत को कई अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिताओं में रिप्रेजेंट किया और देश का नाम रौशन किया। वे मिस्टर इंडिया जैसे प्रतिष्ठित खिताब भी अपने नाम कर चुके थे। इसके अलावा, घुम्मन अभिनेता सलमान खान के साथ भी एक ब्रांड के प्रमोशनल प्रोजेक्ट में नजर आए थे, जिससे उनकी लोकप्रियता में और इज़ाफा हुआ था।
फैंस और फिटनेस प्रेमियों में शोक
वरिंदर सिंह घुम्मन की मौत ने उनके चाहने वालों को गहरा सदमा दिया है। सोशल मीडिया पर फैंस और फिटनेस प्रेमी उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। बॉडी बिल्डिंग से जुड़े कई दिग्गजों और प्रशिक्षकों ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि घुम्मन ने आने वाली पीढ़ियों को शाकाहार और फिटनेस का जो संदेश दिया, वह हमेशा प्रेरणास्त्रोत बना रहेगा।
वरिंदर सिंह घुम्मन का अचानक निधन न सिर्फ बॉडी बिल्डिंग के लिए, बल्कि पूरे भारत के लिए एक बड़ी क्षति है। उनका जीवन एक मिसाल था कि बिना किसी बाहरी सपोर्ट के भी अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर दुनिया में पहचान बनाई जा सकती है।











