Netanyahu Controversy: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने एक जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, योगी आदित्यनाथ और फडणवीस सरकार पर तीखा हमला बोला। ओवैसी ने पीएम मोदी द्वारा इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की तारीफ करने को लेकर गंभीर आपत्ति जताते हुए नेतन्याहू को “दुनिया का सबसे बड़ा गुंडा” कहा। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति 65 हजार लोगों की हत्या और 12 लाख को बेघर करने के लिए जिम्मेदार है, उसकी तारीफ करना भारतीय लोकतंत्र के मूल्यों के खिलाफ है।

“नेतन्याहू को महान बताना अमानवीयता का समर्थन है” – ओवैसी
अपने भाषण में ओवैसी ने कहा “मोदी नेतन्याहू की तारीफ करते हैं, जिसने हजारों मासूम फिलिस्तीनियों का खून बहाया। क्या यही है लीडरशिप? हम इस विचारधारा का विरोध करते हैं जो इंसानियत को कुचलती है। दुनिया का सबसे बड़ा गुंडा नेतन्याहू है।”

महाराष्ट्र सरकार पर भी उठाए सवाल
असदुद्दीन ओवैसी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर भी निशाना साधा और कहा कि “बारिश से तबाही मच गई है, लेकिन सरकार के पास किसानों के लिए केवल झूठे वादे हैं। 10 हजार करोड़ के एनडीआरएफ फंड की बातें हो रही हैं, लेकिन किसानों को राहत नहीं मिल रही। असली मदद करो, कर्ज माफ करो।” उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों का बीमा प्रीमियम भी सरकार नहीं, खुद किसान भरते हैं, फिर सरकार उसका श्रेय क्यों लेती है?
यूपी की ‘बुलडोजर नीति’ पर भी बरसे ओवैसी
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को आड़े हाथ लेते हुए ओवैसी ने कहा “बाबा कहते हैं गोली मारो, बुलडोजर चलाओ। यूपी में 15 हजार से ज्यादा दलितों पर केस दर्ज हुए हैं। लेकिन जब एक दलित जज पर कोर्ट में जूता फेंका गया तो कोई नहीं बोला। सनातन धर्म के नाम पर अत्याचार हो रहे हैं और कोई सवाल नहीं उठाता।” उन्होंने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि जातिवाद खत्म करने की बात करने वाले दलितों पर हो रहे अत्याचारों पर मौन क्यों हैं?
“डॉ. आंबेडकर का अपमान” ओवैसी
ओवैसी ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने जब बौद्ध धर्म अपनाया था, तो यह समानता और सम्मान की खोज थी। आज फिर से उसी दलित समाज को अपमान का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन तथाकथित राष्ट्रवादियों और धर्म के ठेकेदारों की चुप्पी चिंताजनक है।
अहमदनगर की रैली में असदुद्दीन ओवैसी ने देश और विदेश की राजनीति को जोड़ते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि उनकी पार्टी दलित, किसान और अल्पसंख्यकों के अधिकारों के लिए मुखर रहेगी। नेतन्याहू की तारीफ पर पीएम मोदी की आलोचना कर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की नीति को भी कठघरे में खड़ा किया।
Read More : Bihar Elections 2025: मधेपुरा के सांसद पप्पू यादव पर आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज, नकद बांटने का आरोप










