Ambikapur News : छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान के तहत नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में सरगुजा जिले में पर्यवेक्षक दल का आगमन हुआ, जहां झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व पीसीसी अध्यक्ष धनेंद्र साहू, भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी और पूर्व संगठन मंत्री अमरजीत चावला शामिल हैं। इस दल ने जिला कांग्रेस कार्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ रायशुमारी की। युवाओं के साथ अनुभव को भी मिलेगा महत्व प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजेश ठाकुर ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का संगठन अब जनभागीदारी और संवाद के आधार पर सशक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि“संगठनात्मक चुनाव केवल ऊपर से नहीं थोपे जाएंगे। हर वर्ग, समुदाय और क्षेत्र की राय लेकर फैसला होगा। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे जी की मंशा है कि युवाओं को नेतृत्व मिले, लेकिन अनुभव की अनदेखी नहीं होगी।” टीएस सिंहदेव की पसंद, बन सकते हैं फिर से बालकृष्ण पाठक फिलहाल सरगुजा जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक हैं, जिन्हें करीब 6 महीने पहले ही यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वे टीएस सिंहदेव के करीबी माने जाते हैं और उनके कार्यकाल में जिले में कांग्रेस की सक्रियता बढ़ी है। सूत्रों के अनुसार, टीएस सिंहदेव की पहली पसंद आज भी बालकृष्ण पाठक ही हैं और पांच नामों के पैनल में भी उनका नाम प्रमुख रूप से शामिल होने की संभावना है। दर्जनभर से ज्यादा दावेदार मैदान में जिलाध्यक्ष पद के लिए अब तक 10 से अधिक दावेदारों ने आवेदन दिए हैं। इनमें प्रमुख नाम हैं बालकृष्ण पाठक (वर्तमान जिलाध्यक्ष), द्वितेंद्र मिश्रा, शफी अहमद, राजू बाबरा, दानिश रफीक, दीपक मिश्रा, सिद्धार्थ सिंहदेव (उदयपुर), विनय शर्मा बंटी, नरेंद्र सिंह छाबड़ा (सीतापुर)। इन सभी दावेदारों में कई ऐसे नाम भी हैं जो क्षेत्रीय प्रभाव रखते हैं और लंबे समय से संगठन से जुड़े हैं। पर्यवेक्षक लेंगे कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों की राय पर्यवेक्षक दल ब्लॉक और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ वन-टू-वन चर्चा कर रहा है। इसके अलावा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से भी बातचीत कर एक सर्वमान्य और स्वीकार्य चेहरे को आगे लाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। तैयार पैनल को छत्तीसगढ़ पीसीसी को भेजा जाएगा, जहां अंतिम निर्णय लिया जाएगा। सरगुजा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़, माहौल गरम कांग्रेस कार्यालय में पर्यवेक्षकों की मौजूदगी के दौरान जिले भर से कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में जुटे, जिससे राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सभी दावेदारों ने अपनी-अपनी पकड़ मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। सरगुजा में कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत जिलाध्यक्ष की दौड़ में बालकृष्ण पाठक सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। हालांकि, पार्टी की नीति के अनुसार युवाओं को प्राथमिकता और अनुभव को सम्मान दिया जाएगा। देखना होगा कि कार्यकर्ताओं की राय और पर्यवेक्षक दल की रिपोर्ट के आधार पर कौन कांग्रेस का नया चेहरा बनता है, जो अगले विधानसभा चुनाव तक संगठन की कमान संभालेगा।
















