SA vs NAM Result: टी20 क्रिकेट इतिहास में शनिवार की रात एक ऐतिहासिक उलटफेर की गवाह बनी, जब एक एसोसिएट टीम नामीबिया ने दिग्गज दक्षिण अफ्रीका को आखिरी गेंद पर 4 विकेट से हराकर सनसनी मचा दी। यह पहली बार है जब दक्षिण अफ्रीका को किसी एसोसिएट सदस्य देश के खिलाफ टी20 में हार का सामना करना पड़ा है।

मैच आखिरी गेंद तक रोमांचक रहा और जेन ग्रीन के दबाव में खेले गए नाबाद 30 रनों की बदौलत नामीबिया ने यह मुकाबला जीतकर क्रिकेट जगत में अपनी धाक जमा दी।

दक्षिण अफ्रीका की पारी: 134 रन पर सिमटी पारी
डोनोवन फरेरा की कप्तानी वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 134 रन बनाए। टॉप स्कोरर रहे जेसन स्मिथ ने 31 रन की पारी खेली। नामीबिया की ओर से रूबेन ट्रंपलमान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट झटके और अफ्रीकी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने नहीं दिया।
नामीबिया की पारी: ग्रीन बने संकटमोचक
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की शुरुआत संतुलित रही, लेकिन 84 रन पर 5 विकेट गिरने के बाद उसकी हालत नाजुक हो गई थी। ऐसे समय पर विकेटकीपर बल्लेबाज जेन ग्रीन ने मोर्चा संभाला और 23 गेंदों में नाबाद 30 रन बनाकर टीम को जीत की ओर ले गए।
उनका साथ दिया ट्रंपलमान ने, जो 11 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों के बीच हुई साझेदारी ने मुकाबले को रोमांच की पराकाष्ठा तक पहुंचा दिया।
आखिरी ओवर का रोमांच
जब मैच का आखिरी ओवर शुरू हुआ तो नामीबिया को 11 रन चाहिए थे।
-
पहली गेंद पर ग्रीन ने छक्का जड़कर मुकाबले का रुख बदल दिया।
-
दूसरी और तीसरी गेंद पर कुल 3 रन बने।
-
चौथी गेंद पर एक रन बना और स्कोर बराबर हो गया।
-
पांचवीं गेंद डॉट रही, और मुकाबला एकदम फाइनल मोमेंट पर पहुंच गया।
-
अंतिम गेंद पर ग्रीन ने चौका लगाकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
नामीबिया की जीत के मायने
यह जीत सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि नामीबिया क्रिकेट के लिए मील का पत्थर है। टीम पहले भी श्रीलंका, जिम्बाब्वे और आयरलैंड जैसी फुल मेंबर टीमों को हरा चुकी है, लेकिन दक्षिण अफ्रीका जैसी बड़ी टीम के खिलाफ यह जीत सबसे खास मानी जा रही है।
गौरतलब है कि नामीबिया ने हाल ही में 2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई भी किया है। ऐसे में यह जीत आने वाले टूर्नामेंट में उनके आत्मविश्वास को और मजबूत करेगी।नामीबिया की यह जीत क्रिकेट में असंभव को संभव बनाने की मिसाल बन गई है। दक्षिण अफ्रीका जैसी टीम के खिलाफ आखिरी गेंद तक डटे रहना और फिर जीत हासिल करना बताता है कि अब छोटे देश भी बड़े कारनामे कर सकते हैं।
Read More : Bihar Election 2025 : बिहार चुनाव से पहले बड़ा सियासी उलटफेर, गोपाल मंडल ने JDU से दिया इस्तीफा











