Gorakhpur Crime : यह घटना समाज के बदलते स्वरूप और टूटते रिश्तों का एक ऐसा भयावह चेहरा सामने लाती है, जो किसी की भी रूह कंपा दे. जिस मां ने नौ महीने अपनी कोख में रखकर, तिनका-तिनका जोड़कर अपने बेटों को पाला-पोषा, पढ़ाकर इस काबिल बनाया कि वे समाज में खड़े हो सकें; खुद भूखी सोई लेकिन बच्चों का पेट हमेशा भरा, उसी मां के जाने के बाद बेटे उनके अंतिम संस्कारों के खर्च को लेकर आपस में भिड़ गए.

यह विडंबना नहीं तो और क्या है कि मां की तेरवीं (ब्रह्मभोज) का खर्च उठाने में नाकाम और संपत्ति के लालच में अंधे दो भाइयों के बीच की कड़वाहट इस कदर बढ़ गई कि बड़े भाई ने छोटे भाई पर सरेआम गोली चला दी. यह दिल दहला देने वाली वारदात उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के पिपराइच क्षेत्र की है, जो हमें यह सोचने पर मजबूर करती है कि क्या आज के दौर में मानवीय रिश्ते और संवेदनाएं इतनी खोखली हो चुकी हैं?

ब्रह्मभोज के खर्च और संपत्ति के विवाद में चली गोली
गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जंगल धूषण बड़की रेतवाहिया गांव में यह पूरी घटना घटी, जहां चार बेटों की मां का हाल ही में निधन हुआ था. सनातन परंपरा के अनुसार, मां की आत्मा की शांति के लिए घर पर तेरहवीं और ब्रह्मभोज का आयोजन किया गया था. इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए बड़ा भाई दुर्गविजय भी पहुंचा था, जो काफी समय से परिवार से अलग रह रहा था. दोपहर के करीब 12:30 बजे, जब घर में मेहमानों और रिश्तेदारों की मौजूदगी थी, तब दुर्गविजय और उसके छोटे भाई शुभम के बीच ब्रह्मभोज में हुए खर्च के बंटवारे और मां की बची हुई संपत्ति को लेकर बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते यह मामूली कहासुनी एक हिंसक झड़प में बदल गई. गुस्से में अंधा होकर बड़े भाई दुर्गविजय ने पास रखा अवैध असलहा निकाला और सीधे शुभम पर फायर झोंक दिया.
अस्पताल में इलाज के दौरान छोटे भाई ने तोड़ा दम
दुर्गविजय द्वारा चलाई गई गोली सीधे छोटे भाई शुभम के सीने में जा लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा. गोली की आवाज सुनते ही घर और पूरे गांव में हड़कंप मच गया. परिवार के अन्य सदस्यों ने आनन-फानन में घायल शुभम को संभाला और तुरंत उसे इलाज के लिए नजदीकी मेडिकल कॉलेज लेकर भागे. हालांकि, शुभम की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई थी और डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका. इलाज के दौरान डॉक्टरों ने शुभम को मृत घोषित कर दिया. इस दुखद खबर के आते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया. जिस घर से कुछ ही दिनों पहले मां की अर्थी उठी थी, वहां अब छोटे बेटे की लाश देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं.
आरोपी भाई फरार, पुलिस ने शुरू की विधिक कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पिपराइच थाने की पुलिस टीम भारी बल के साथ मौके पर पहुंची. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने घटनास्थल का मुआयना किया और बताया कि मां के ब्रह्मभोज के दौरान पैसों के विवाद में एक भाई ने दूसरे भाई की हत्या की है. पुलिस ने शुभम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वारदात के बाद जब परिवार वालों ने आरोपी दुर्गविजय को पकड़ने और उससे असलहा छीनने का प्रयास किया, तब तक वह मौके से फरार होने में कामयाब रहा. पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं. फिलहाल, इस दोहरी त्रासदी के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात है.
Share Market Today: हरे निशान में खुला बाजार, सेंसेक्स 370 अंक उछला, रिलायंस-HUL चमके











