Big gift to the people of Ambikapur : लंबे समय से की जा रही मांग आखिरकार पूरी हो गई है। रेल यात्रियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। रेलवे बोर्ड ने गाड़ी संख्या 22407/22408 हजरत निजामुद्दीन–अंबिकापुर एक्सप्रेस की आवृत्ति बढ़ाते हुए इसे साप्ताहिक से द्वि-साप्ताहिक संचालित करने की मंजूरी दे दी है। जारी आदेश के अनुसार अब 22407 अंबिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस मंगलवार और गुरुवार को चलेगी, जबकि 22408 हजरत निजामुद्दीन–अंबिकापुर एक्सप्रेस रविवार और मंगलवार को संचालित होगी। रेलवे बोर्ड ने संबंधित जोनों को जल्द से जल्द नई व्यवस्था लागू करने और व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। इस निर्णय से दिल्ली और उत्तर भारत की ओर यात्रा करने वाले सरगुजा संभाग के हजारों यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। क्षेत्र में इस फैसले का स्वागत किया जा रहा है और इसे लंबे समय से लंबित मांग की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।














