Ketan Murder Case : पुणे के प्रसिद्ध रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में पुणे ग्रामीण पुलिस ने अपनी जांच की गति तेज कर दी है। रविवार को जांच टीम मुख्य आरोपी सिया गोयल को लेकर लोहगढ़ किले पर पहुंची, जहाँ 18 जून को हुई घटना के दृश्य (सीन) को पुनः दोहराया गया (सीन रीक्रिएशन)। पुलिस इस कवायद के जरिए घटनाक्रम की कड़ियों को आपस में जोड़कर यह स्पष्ट करना चाहती है कि आखिर उस दिन किले पर क्या हुआ था। पुलिस ने इस दौरान दूसरे आरोपी चेतन चौधरी द्वारा इस्तेमाल की गई बाइक, उसकी हूडी और हेडफोन जैसे महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चेतन को भी घटनास्थल पर ले जाकर उसका बयां वेरिफाई किया जाएगा।

बदनामी का डर और हत्या की खौफनाक साजिश
पुलिस पूछताछ में सिया गोयल ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह केतन अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी। उसे डर था कि यदि वह सगाई तोड़ती है, तो समाज में उसके परिवार की बदनामी होगी। इसी ‘इज्जत’ को बचाने के चक्कर में उसने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची। पुलिस अब इस मामले के हर पहलू—साजिश की गहराई, घटना से पहले और बाद की डिजिटल गतिविधियों और आरोपियों के इरादों—की बारीकी से जांच कर रही है।

10 बिंदुओं में हत्याकांड का पूरा घटनाक्रम
केतन अग्रवाल और सिया गोयल की सगाई फरवरी 2026 में एक आलीशान समारोह में हुई थी, लेकिन देखते ही देखते यह रिश्ता एक दुखद अंत तक पहुंच गया:
-
सगाई और यात्रा का प्लान: रिश्ता तय होने के बाद बाली में प्री-वेडिंग शूट की बुकिंग हुई थी।
-
पासपोर्ट का रहस्य: 6 जून को मुंबई एयरपोर्ट पर केतन का पासपोर्ट बैग से गायब मिला, जिसके कारण यात्रा रद्द हो गई।
-
शक की शुरुआत: यात्रा रद्द होने के बाद केतन ने अपने पिता को बताया कि सिया पिछले एक महीने से उससे झगड़ रही थी और फोन पर चेतन चौधरी के नाम का जिक्र करती थी।
-
किले के फेरे: सिया ने बार-बार लोहगढ़ किला जाने की जिद की। पहली बार 31 मई को दोनों वहां गए।
-
हंगामे की रणनीति: 4 जून को मना करने पर सिया ने घर में जमकर हंगामा और रोना-धोना किया।
-
अंतिम यात्रा का न्योता: 14 जून के बाद 17 जून की रात सिया ने जन्मदिन के बहाने 18 जून को फिर से लोहगढ़ जाने की योजना बनाई।
-
घटना वाला दिन: 18 जून की सुबह केतन सिया को लेने पहुंचा।
-
सूचना का आना: सुबह 10:45 पर सिया की मां ने केतन के परिजनों को फोन कर केतन के खाई में गिरने की जानकारी दी।
-
अस्पताल और पुष्टि: अस्पताल में डॉक्टरों ने केतन को मृत घोषित कर दिया।
-
परिवार का संशय: 21 जून को केतन के पिता ने स्वयं घटनास्थल का मुआयना किया और पाया कि वहां से किसी का खुद गिर जाना असंभव है, जिससे हत्या का शक गहरा गया।
Read More : PM Modi Seychelles Award : सेशेल्स ने PM मोदी को गॉर्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन सम्मान से नवाजा, बना नया इतिहास











