Ambikapur News : भारतीय जीवन बीमा निगम के विश्रामपुर सेटेलाइट कार्यालय में 28 लाख 55 हजार 968 रुपये के गबन के प्रकरण में एंटी करप्शन ब्यूरो अंबिकापुर ने कार्रवाई की है। ब्यूरो ने आरोपी तत्कालीन सहायक प्रशासनिक अधिकारी अमोद कुमार लकड़ा को गिरफ्तार कर शुक्रवार को विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) सूरजपुर में अभियोग पत्र पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को सूरजपुर जेल भेज दिया गया है।

एलआईसी सेटेलाइट कार्यालय विश्रामपुर के शाखा प्रबंधक विनोद कुमार सोनी ने ब्यूरो मुख्यालय ईओडब्ल्यू रायपुर में शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि कार्यालय में पदस्थ तत्कालीन सहायक प्रशासनिक अधिकारी अमोद कुमार लकड़ा ने अलग-अलग तारीखों में संग्रहित कुल 28,55,968 रुपये की राशि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा सतपता में जमा नहीं की और गबन कर लिया।

आरोपी ने चार अप्रैल 2019 को 3,03,584 रुपये, चार सितंबर 2019 को 6,69,434 रुपये, 19 अक्टूबर 2019 को 2,79,064 रुपये, 18 नवंबर 2019 को 5,50,397 रुपये, 24 अप्रैल 2020 को 7,21,972 रुपये, 29 सितंबर 2020 को 3,30,617 रुपये और 14 अक्टूबर 2020 को 3,09,399 रुपये जमा किए, लेकिन 3,08,399 रुपये ही बैंक में जमा कर 1000 रुपये का अंतर रख दिया। इस तरह कुल 28,55,968 रुपये का गबन किया गया।
एसीबी की जांच में तथ्यों की पुष्टि होने पर अपराध धारा 409, 467, 468, 471 भादवि एवं भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 यथा संशोधित अधिनियम 2018 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच में पाया गया कि आरोपी अमोद कुमार लकड़ा ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में उक्त राशि जमा नहीं की और कूटरचित पावती यानी फर्जी पे-इन स्लिप तैयार कर एलआईसी शाखा विश्रामपुर में जमा कर दी।
संपूर्ण विवेचना के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो अंबिकापुर ने शुक्रवार को आरोपी अमोद कुमार लकड़ा को गिरफ्तार किया। आरोपी को विशेष न्यायालय भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सूरजपुर के समक्ष पेश कर अभियोग पत्र दाखिल किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को सूरजपुर जेल भेज दिया गया है।












