Surguja Crime : सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में एक बेहद ही दर्दनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ ग्राम पंचायत बांसाझाल के बालापानी बकेनपारा में एक दामाद और उसकी पत्नी (मृतक की बेटी) ने मिलकर अपने ससुर की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे की है, जब 55 वर्षीय लोहर साय अपने घर पर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि लोहर साय का अपने दामाद बंधन राम के साथ बाइक की किश्त चुकाने को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया और दामाद ने अपने ससुर को जमीन पर पटककर उनकी बेदम पिटाई शुरू कर दी।

बेटी ने पति का साथ देकर पिता को उतारा मौत के घाट
इस विवाद के दौरान मृतक लोहर साय की बेटी सोनकुंवारी भी मौके पर पहुँच गई। पिता के बचाव के बजाय, उसने अपने पति बंधन राम का पक्ष लिया और हत्या की इस वारदात में शामिल हो गई। दामाद और बेटी ने मिलकर पहले बुजुर्ग की बुरी तरह पिटाई की, जिससे वे बेसुध हो गए। इसके बाद, दामाद ने गमछे से उनका गला घोंटकर हत्या कर दी। इस जघन्य वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घबरा गए और शव को घर की परछी में ही छोड़ दिया। गले में गमछा लिपटा हुआ शव घर में पड़ा पाया गया।

साक्ष्य मिटाने के लिए की गोबर से लिपाई
घटना की सूचना मिलते ही बुधवार को बतौली पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और मामले की विस्तृत जांच शुरू की। पुलिस ने पाया कि आरोपियों ने अपराध के सबूत मिटाने का शातिर प्रयास किया था। घर की दीवारों पर खून के छींटे मौजूद थे, जिन्हें छुपाने के लिए आरोपियों ने उन पर गोबर से लिपाई कर दी थी। पुलिस की टीम ने वैज्ञानिक तरीके से घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्यों को सुरक्षित किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी दामाद-बेटी गिरफ्तार
मृतक लोहर साय के शरीर पर चोट के गहरे निशान थे, जो उनकी हत्या की पुष्टि कर रहे थे। बतौली पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए शांतिपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवा दिया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी दामाद बंधन राम और बेटी सोनकुंवारी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है, ताकि इस घटना के पीछे के अन्य पहलुओं का भी खुलासा हो सके। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।












