Korba Accident : कोरबा जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार की सुबह कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर पोड़ी उपरोड़ा बस स्टैंड के निकट एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें दो सगे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेलर और स्कूटी के बीच हुई इस भीषण टक्कर में एक तीसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तत्काल 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की है।

नाबालिग बच्चों का स्कूटी चलाना बना काल
मृतक बच्चों की पहचान गोस्वामी मोहल्ला (कोनकोना गांव) के निवासी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, स्कूटी चला रही 13 वर्षीय बूटी गोस्वामी, 12 वर्षीय दशरथ और 11 वर्षीय विवेक सामान लेने के लिए बस स्टैंड आए थे। बस स्टैंड के पास स्कूटी मोड़ते समय विपरीत दिशा से आ रहे एक डीजल टैंकर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। स्कूटी विवेक के पिता की थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि 13 वर्षीय बूटी और 12 वर्षीय दशरथ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।

आक्रोशित ग्रामीणों का दो घंटे तक चक्का जाम
घटना से आक्रोशित गोस्वामी मोहल्ला और आसपास के ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर जमकर हंगामा किया और चक्का जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवाजाही पूरी तरह ठप रही। पोड़ी उपरोड़ा के एसडीएम मनोज बंजारे और बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत और मुआवजे के वितरण के बाद ग्रामीण चक्का जाम हटाने पर सहमत हुए, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। बांगो थाना पुलिस मामले की अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर सवालिया निशान
क्षेत्र में नाबालिगों द्वारा बेखौफ होकर स्कूटी और बाइक चलाने का चलन घातक साबित हो रहा है। यद्यपि पुलिस समय-समय पर वाहन चेकिंग और चालानी कार्रवाई का दावा करती है, लेकिन हकीकत यह है कि यह सख्ती अक्सर शहर तक ही सीमित रह जाती है। नेशनल हाईवे से लगे ग्रामीण इलाकों में नाबालिगों को बिना लाइसेंस के वाहन चलाते देखा जाना एक आम बात है, जिस पर प्रभावी नियंत्रण का अभाव है। यह हादसा थाना परिसर के समीप ही हुआ, जो स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
दो दिनों में सड़क हादसों ने ली चार जान
कोरबा जिले के लिए यह सप्ताह बेहद दुखद रहा है। इस दुर्घटना से महज एक दिन पहले मंगलवार को बालको थाना क्षेत्र के ढेंगुरनाला पुल के पास भी एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। उस दुर्घटना में ट्रेलर की चपेट में आने से एमबीबीएस के एक छात्र और एक युवती की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य युवती अभी भी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। लगातार हो रही इन मौतों ने सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।
Read More : West Bengal Politics : ममता बनर्जी का बीजेपी पर हमला, बोलीं- तुम अंत चाहते, मैं लड़ती रहूंगी हमेशा












