Ambikapur News : सरगुजा पुलिस ने आत्महत्या के एक चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सूदखोरी, लगातार मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक अधिवक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा अत्यधिक ब्याज पर रकम देने और मूलधन व ब्याज की वसूली के लिए लगातार दबाव एवं धमकियों से परेशान होकर कारोबारी संदीप अग्रवाल ने आत्महत्या कर ली थी। मामले में पुलिस ने आत्महत्या के दुष्प्रेरण तथा कर्जा एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया है।

सुसाइड नोट और बैंक ट्रांजेक्शन बने अहम सबूत
थाना कोतवाली में दर्ज मर्ग की जांच के दौरान पुलिस को मृतक का सुसाइड नोट मिला। इसके अलावा परिजनों और अन्य गवाहों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल कॉल डिटेल और बैंक खाते के लेन-देन की जांच की गई। जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपी अधिवक्ता पंकज चौधरी के बीच कई बार फोन पर बातचीत और पैसों का लेन-देन हुआ था।

अत्यधिक ब्याज और धमकियों से था परेशान
पुलिस के अनुसार आरोपी पंकज चौधरी ने मृतक को ऊंची ब्याज दर पर रकम उधार दी थी। बाद में मूलधन और ब्याज की वसूली के लिए लगातार दबाव बनाया गया और जान से मारने की धमकियां दी गईं। मृतक ने इस प्रताड़ना का जिक्र अपने सुसाइड नोट में किया था। परिजनों ने भी पुलिस को बताया कि संदीप अग्रवाल ने जीवित रहते हुए उन्हें अपनी परेशानी के बारे में बताया था।
इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध
जांच के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 487/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108, 351(3) तथा कर्जा एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मोबाइल जब्त, आरोपी अधिवक्ता गिरफ्तार
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने आरोपी अधिवक्ता पंकज चौधरी (50 वर्ष), निवासी राजेंद्र वार्ड, दर्रीपारा, अंबिकापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया, हालांकि घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन पुलिस को सौंप दिया, जिसे जब्त कर लिया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
लगातार जारी है अपराधियों पर कार्रवाई
सरगुजा पुलिस ने कहा है कि सूदखोरी, अवैध वसूली, धमकी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। पूरी कार्रवाई नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में थाना कोतवाली की टीम ने की। टीम में उप निरीक्षक के.के. यादव, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह तथा आरक्षक मंटूलाल गुप्ता और शिव राजवाड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












