Ambikapur News : शहर में बदहाल सड़कें, सफाई व्यवस्था की कमी, खराब स्ट्रीट लाइट, पेयजल संकट और बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर युवा कांग्रेस ने मंगलवार को अंबिकापुर नगर निगम कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस ने नगर निगम पर शहरवासियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए विभिन्न मांगों को लेकर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष मनीष दुबे के नेतृत्व में किए गए प्रदर्शन के दौरान शहर की मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। युवा कांग्रेस का आरोप है कि नगर निगम क्षेत्र के सभी 48 वार्डों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। कई इलाकों में नियमित सफाई नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने शहर की जर्जर और गड्ढायुक्त सड़कों का तत्काल मरम्मत एवं नवीनीकरण कराने की मांग की। उनका कहना है कि शहर की कई प्रमुख सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। इसके साथ ही रिंग रोड समेत शहर के विभिन्न इलाकों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द दुरुस्त करने की मांग की गई। युवा कांग्रेस ने नगरवासियों को नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार की भी मांग रखी।
प्रदर्शन के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों और खराब फव्वारा एवं सौंदर्यीकरण व्यवस्था को भी दुरुस्त करने की मांग की गई। युवा कांग्रेस ने कहा कि शहर की सुरक्षा और सौंदर्यीकरण से जुड़े इन संसाधनों का लंबे समय तक बंद रहना नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। सबसे अहम मांगों में नगर निगम के प्लेसमेंट कर्मचारियों के 7 से 8 महीने से लंबित वेतन का तत्काल भुगतान भी शामिल रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

युवा कांग्रेस ने इन सभी मांगों को लेकर नगर निगम आयुक्त डी.एन. कश्यप को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की। वहीं, निगम की ओर से भी प्रदर्शनकारियों की मांगों और समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। युवा कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो जनहित से जुड़े इन मुद्दों को लेकर आने वाले दिनों में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।












