★ सीतापुर में दिनदहाड़े ज्वेलरी बैग लेकर फरार हुआ था अज्ञात आरोपी, अब तक नहीं लगा सुराग
Surguja Police : सरगुजा जिले के सीतापुर के मुख्य बाजार में दिनदहाड़े करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग चोरी होने के मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया है। घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश है। शुक्रवार को व्यापारियों ने घटना के विरोध में सीतापुर की दुकानें बंद रखकर अंबिकापुर-पत्थलगांव मुख्य मार्ग NH-43 के कारगिल चौक पर चक्काजाम किया था। चक्काजाम के कारण मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।

स्कूटी के सामने रखा था ज्वेलरी से भरा बैग
मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, सीतापुर हाई स्कूल के पास काशी विश्वनाथ ज्वेलरी के संचालक अरुण देव सोनी 26 जुलाई की सुबह करीब 11:30 बजे अपनी स्कूटी से दुकान पहुंचे थे। उन्होंने स्कूटी के सामने ज्वेलरी से भरा बैग रखा और दुकान का शटर खोलने लगे। इसी दौरान अज्ञात आरोपी मौका पाकर स्कूटी के सामने रखा बैग लेकर फरार हो गया।

बैग में सोने-चांदी के आभूषण थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। घटना की शिकायत पर सीतापुर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस के प्रयास के बावजूद आरोपी का नहीं मिला सुराग
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई स्तरों पर प्रयास किए, लेकिन अब तक आरोपी का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
DIG और SSP ने घोषित किया 5 हजार रुपये का इनाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भापुसे) ने पुलिस रेग्युलेशन के पैरा 80-ए में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए अज्ञात आरोपी के संबंध में इनाम की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार, जो भी व्यक्ति आरोपी के संबंध में ऐसी महत्वपूर्ण जानकारी देगा, जिससे उसकी गिरफ्तारी संभव हो सके, अथवा आरोपी को गिरफ्तार करवाने में सहयोग करेगा, उसे 5,000 रुपये की इनाम राशि से पुरस्कृत किया जाएगा। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा। पुरस्कार देने का अंतिम निर्णय पुलिस अधीक्षक, जिला सरगुजा द्वारा किया जाएगा।
व्यापारियों ने बंद रखीं दुकानें, NH-43 पर किया चक्काजाम
ज्वेलरी चोरी की बड़ी वारदात के विरोध में सीतापुर के व्यापारियों में भारी नाराजगी देखने को मिली। शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से व्यापारियों ने सभी दुकानें बंद रखकर विरोध जताया और कारगिल चौक पर अंबिकापुर-पत्थलगांव मुख्य मार्ग NH-43 में चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम के चलते मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। व्यापारियों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई ज्वेलरी बरामद करने की मांग की।
सूचना देने के लिए ये नंबर जारी
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास इस मामले के आरोपी के संबंध में कोई महत्वपूर्ण जानकारी है तो वह पुलिस को उपलब्ध कराए। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक, सरगुजा: 94791-93501
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सरगुजा: 94791-93502
पुलिस नियंत्रण कक्ष, सरगुजा: 94791-93599












