Ambikapur News : सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में एक औद्योगिक हादसे में ट्रक चालक की जान चली गई। सिलसिला स्थित मां कुदरगढ़ी एलुमिना हाइड्रेट फैक्ट्री में रविवार देर रात बॉक्साइट खाली करते समय अचानक ट्रक असंतुलित होकर पलट गया। हादसे के दौरान चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, बॉक्साइट से लदे ट्रक क्रमांक CG 04 RY 2039 को फैक्ट्री परिसर में अनलोड किया जा रहा था। हाइड्रोलिक सिस्टम की मदद से ट्रक का डाला उठाकर बॉक्साइट खाली करने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान अचानक ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। बताया जा रहा है कि चालक को डाला पलटने की आशंका हुई, जिसके बाद उसने खुद को बचाने के लिए ट्रक से छलांग लगा दी। हालांकि, इस दौरान गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायल चालक को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां सोमवार सुबह चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रघुनाथपुर चौकी प्रभारी आरएन पटेल ने बताया कि मृतक की पहचान सौरव घोष (40 वर्ष), पिता समर घोष, निवासी सत्यपिरतला, सिलबगान, थाना चिनसूरा, जिला हुगली, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और ट्रक के असंतुलित होने की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।











