Surguja News : सरगुजा जिले के दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य केंद्रों में लंबे समय से महसूस की जा रही पैरामेडिकल स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) मद से 26 पदों पर एकमुश्त मानदेय के आधार पर नियुक्ति की स्वीकृति दी गई है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही उपचार, जांच और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध हो सकेंगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के निर्देश पर कलेक्टर अजीत वसंत ने इन पदों की स्वीकृति प्रदान की है। जिला प्रशासन के अनुसार, दूरस्थ स्वास्थ्य संस्थाओं और एकल स्वास्थ्य संस्थाओं में मानव संसाधन की कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ने वाले असर को कम करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। नियुक्तियां रिक्त पदों के विरुद्ध की जाएंगी।

इन पदों पर होगी नियुक्ति
DMF मद से स्वीकृत 26 पदों में फार्मासिस्ट के 6, स्टाफ नर्स के 3, एएनएम के 6, आरएचओ (पुरुष) के 2, ओटी टेक्निशियन का 1 और ड्रेसर के 8 पद शामिल हैं।
विकासखंड अंबिकापुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवानगर में ड्रेसर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दरिमा में ड्रेसर तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर में फार्मासिस्ट और स्टाफ नर्स के पद स्वीकृत किए गए हैं। बतौली के उप स्वास्थ्य केंद्र पोकसरी में एएनएम की नियुक्ति होगी।
लखनपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लहपटरा में फार्मासिस्ट और कुन्नी में ड्रेसर का पद स्वीकृत है। धौरपुर के बरगीडीह में फार्मासिस्ट, रघुनाथपुर में ड्रेसर तथा नागम और चितरपुर उप स्वास्थ्य केंद्रों में एएनएम के पद स्वीकृत किए गए हैं।

मैनपाट के चैनपुर उप स्वास्थ्य केंद्र में आरएचओ (पुरुष) और कमलेश्वरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्रेसर की नियुक्ति होगी। सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में फार्मासिस्ट एवं ड्रेसर तथा भूसू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में फार्मासिस्ट एवं स्टाफ नर्स का पद स्वीकृत किया गया है।
उदयपुर विकासखंड के केदमा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में फार्मासिस्ट और ड्रेसर तथा पेन्डरखी, करौन्धी और सलका उप स्वास्थ्य केंद्रों में एएनएम के पद स्वीकृत किए गए हैं। मरेया उप स्वास्थ्य केंद्र में आरएचओ (पुरुष) की नियुक्ति होगी। वहीं शहरी अंबिकापुर के शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवापारा में ओटी टेक्निशियन, ड्रेसर और स्टाफ नर्स के पद स्वीकृत किए गए हैं।
प्रशासन का मानना है कि इन नियुक्तियों से दूरस्थ क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों में मानव संसाधन की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों को उपचार एवं जांच के लिए दूर के अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी। साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में भी सुधार आने की उम्मीद है।












