किताबों, स्काईडाइविंग और राजनीति पर भी छात्रों ने सिंहदेव से की बातचीत
किताबों, स्काईडाइविंग और राजनीति पर भी छात्रों ने सिंहदेव से की बातचीत

Student Dialogue : एनएसयूआई के छात्र संवाद कार्यक्रम के तहत पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने बुधवार को होलीक्रॉस स्कूल के सभाकक्ष में छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने देश और समाज से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी सुविधाओं और अंबिकापुर शहर की सड़कों को लेकर सवाल पूछे। सिंहदेव ने छात्रों के सवालों का बेबाकी से जवाब दिया और कहा कि युवाओं की समस्याओं को समझने के लिए उनसे संवाद जरूरी है।


संवाद के दौरान छात्रों ने जेन जी के जंतर-मंतर आंदोलन और युवाओं के अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरने से जुड़े सवाल किए। सिंहदेव ने कहा कि जेन जी और जेन अल्फा का अपनी मांगों को लेकर सड़क पर आना तकलीफदेह है। सरकार को युवाओं की समस्याओं पर उनसे सार्थक संवाद करना चाहिए और उनकी जायज मांगों को पूरा करने की दिशा में काम करना चाहिए।


छात्रों से बातचीत के दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री ने शिक्षा के उद्देश्य पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी हासिल करना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को भविष्य का एक अच्छा नागरिक बनाना भी है। उन्होंने युवाओं को देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने की आवश्यकता पर जोर दिया।
छात्रों ने छत्तीसगढ़ में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ आधारभूत ढांचे की कमियों को लेकर सवाल किए। इसके अलावा अंबिकापुर शहर की सड़कों और सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासा रखी। सिंहदेव ने छात्रों के सवालों का जवाब देते हुए उनकी चिंताओं और विचारों को गंभीरता से सुना।

संवाद कार्यक्रम में छात्रों ने सिंहदेव की निजी रुचियों से जुड़े सवाल भी पूछे। विद्यार्थियों ने उनसे पूछा कि वे किन किताबों को पढ़ना पसंद करते हैं और ऑस्ट्रेलिया में उनके स्काईडाइविंग अनुभव के बारे में भी सवाल किया। साहित्यिक रुचि के सवाल पर उन्होंने बताया कि वे हल्की फिलॉसफी वाले लेखन को पढ़ना पसंद करते हैं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद से संबंधित साहित्य का गहराई से अध्ययन करने की बात भी कही।
सिंहदेव ने कहा कि राजनीतिक व्यक्ति होने के कारण आम लोगों से नियमित संवाद में उनकी दिनचर्या का अधिकांश समय व्यतीत होता है। ऐसे में साहित्यिक अध्ययन के लिए सीमित समय मिल पाता है। उन्होंने बताया कि आजकल विभिन्न सूचनाओं को ग्रहण करने के लिए वे यूट्यूब का भी अधिक उपयोग करते हैं।

एनएसयूआई ने जेन जी और जेन अल्फा के विचारों को जानने तथा उनके विचारों और मांगों को प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से छात्र संवाद की श्रृंखला शुरू की है। इस पहल के तहत 30 जुलाई को पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने माउंट लिटेरा स्कूल के छात्र-छात्राओं से संवाद किया था। होलीक्रॉस स्कूल में आयोजित कार्यक्रम इस श्रृंखला की अगली कड़ी रही।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल ने बताया कि छात्र संवाद कार्यक्रम को आगे भी जारी रखा जाएगा। इसके तहत स्कूलों के साथ-साथ महाविद्यालयों में भी विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के विचार, सवाल और मांगों को समझना है। इस दौरान होलीक्रॉस स्कूल प्रबंधन के साथ सतीश बारी, अंकित जायसवाल, ऋषिकेश मिश्रा और धीरज गुप्ता भी मौजूद रहे।


© 2026 | All Rights Reserved | Thetarget365.com | Made By Top News Portal Development Company.
Call Us At – +91-:9406130006
WhatsApp – +91 62665 68872
Mail Us At – thetargetweb@gmail.com
Meet Us At – Shitla Ward, Ambikapur Dist. Surguja Chhattisgarh.497001.