बलरामपुर के राजपुर में युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 2 घंटे के भीतर हिरासत में लिया। घायल का अंबिकापुर में इलाज जारी है।
बलरामपुर के राजपुर में युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 2 घंटे के भीतर हिरासत में लिया। घायल का अंबिकापुर में इलाज जारी है।

Balrampur News : राखी के त्योहार के दौरान हुए विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब एक युवक को रास्ते में रोककर उसके ऊपर पेट्रोल डालकर लाइटर से आग लगा दी गई। घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया। मामले की सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज दो घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल के पास से पेट्रोल लगी खाली बोतल और लाइटर भी बरामद कर जब्त किया है।


पुलिस के अनुसार, बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के थाना राजपुर क्षेत्र के बुढ़ाबगीचा निवासी शिवकुमार काशी ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया गया कि राखी त्योहार के दौरान उसके दामाद सुभाष, चमेली सहित अन्य लोग घर आए हुए थे। इसी दौरान आरोपी रामेश्वर उर्फ कोचा का आहत सिद्धांत के साथ विवाद और मारपीट हो गई।

इसके बाद सिद्धांत घटना की जानकारी अपने भाई को देने के लिए चला गया। रात करीब 8:15 बजे जब वह वापस लौट रहा था, तभी आरोपी रामेश्वर उर्फ कोचा ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि आरोपी ने सिद्धांत के ऊपर पेट्रोल डालकर लाइटर से आग लगा दी। इस घटना में सिद्धांत के शरीर पर जलने की चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना राजपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। विवेचना के दौरान आरोपी के कथन और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटनास्थल के पास से पेट्रोल लगी खाली बोतल और लाइटर बरामद कर विधिवत जब्त किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी रामेश्वर उर्फ कोचा पिता गुर्जससाय उर्फ गोमा घांसी, उम्र 21 वर्ष, निवासी बुढ़ाबगीचा महुआपारा, थाना राजपुर को घटना की सूचना प्राप्त होने के करीब दो घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया गया। थाना राजपुर में मामले को लेकर अपराध क्रमांक 216/2026, धारा 109(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

आग से घायल सिद्धांत को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय अंबिकापुर रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड के लिए प्रस्तुत किया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।


© 2026 | All Rights Reserved | Thetarget365.com | Made By Top News Portal Development Company.
Call Us At – +91-:9406130006
WhatsApp – +91 62665 68872
Mail Us At – thetargetweb@gmail.com
Meet Us At – Shitla Ward, Ambikapur Dist. Surguja Chhattisgarh.497001.
