पीजी कॉलेज मैदान अंबिकापुर में लेजर लाइट से होगा रामायण का सजीव चित्रण, 80 फिट के रावण के साथ 60 फीट के मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का भी होगा दहन
पीजी कॉलेज मैदान अंबिकापुर में लेजर लाइट से होगा रामायण का सजीव चित्रण, 80 फिट के रावण के साथ 60 फीट के मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का भी होगा दहन

Ambikapur News : बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयादशमी पर्व अंबिकापुर में मंगलवार को भव्यता और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। शहर में भगवान श्रीराम के जयघोष के बीच भव्य शोभायात्रा निकलेगी, वहीं पीजी कॉलेज मैदान में 80 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन आकर्षण का केंद्र रहेगा। आयोजन में पारंपरिक लोक संस्कृति, आधुनिक लेजर तकनीक, भक्तिमय संगीत और रंग-बिरंगी आतिशबाजी का संगम देखने को मिलेगा।

सरगुजा सेवा समिति, नागरिक समिति और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विजयादशमी महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह है।

विजयादशमी के अवसर पर शहर में शैला नृत्य दलों और पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर भगवान श्रीराम दरबार का स्वागत किया जाएगा। पारंपरिक वाद्ययंत्रों और धार्मिक जयघोष के बीच शोभायात्रा पूरे शहर में उत्सवी माहौल बनाएगी।
पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण तैयार किए गए हैं। यहां लेजर लाइट और ऑडियो के माध्यम से रामायण की प्रमुख घटनाओं का संक्षिप्त एवं सजीव चित्रण प्रस्तुत किया जाएगा। आधुनिक तकनीक से सजी यह प्रस्तुति दर्शकों को रामायण के प्रसंगों से जोड़ने का प्रयास करेगी।
विजयादशमी महोत्सव का मुख्य आकर्षण रावण दहन रहेगा। पीजी कॉलेज मैदान में 80 फीट ऊंचे रावण के साथ 60-60 फीट के मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का भी दहन किया जाएगा। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इस आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

महोत्सव के दौरान भक्तिमय संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही आकर्षक आतिशबाजी से आयोजन स्थल रोशन होगा। धार्मिक प्रस्तुतियों, सांस्कृतिक परंपराओं और रावण दहन के साथ अंबिकापुर में विजयादशमी का पर्व उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा।

© 2026 | All Rights Reserved | Thetarget365.com | Made By Top News Portal Development Company.
Call Us At – +91-:9406130006
WhatsApp – +91 62665 68872
Mail Us At – thetargetweb@gmail.com
Meet Us At – Shitla Ward, Ambikapur Dist. Surguja Chhattisgarh.497001.
