Jhiram Valley Case : खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने झीरम घाटी नक्सली हमले के मामले में एनआईए कोर्ट के फैसले को कांग्रेस द्वारा आधा-अधूरा बताए जाने पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो पार्टी हिडमा को अपना आदर्श बताती है, उसके नेताओं को झीरम घाटी मामले के फैसले पर टिप्पणी करना शोभा नहीं देता। विजय शर्मा ने कहा कि इस मामले में यदि एनआईए की जांच सही नहीं होती, तो अदालत दोषियों को सजा देने की स्थिति में कैसे पहुंचती।
कांग्रेस से सबूत जांच एजेंसी को देने की अपील
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि झीरम घाटी हमले की जांच एनआईए को 27 मई 2013 को सौंपी गई थी, जबकि हमला 25 मई 2013 को हुआ था। उस समय केंद्र में यूपीए की सरकार थी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद इस मामले में गिरफ्तारियां हुईं और कांग्रेस सरकार के दौरान मामले में कोई ट्रायल नहीं कराया गया। शर्मा ने कहा कि अब एनआईए की जांच और कार्रवाई के आधार पर अदालत ने फैसला सुनाया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी केवल एक चरण में सजा हुई है और मामले से जुड़ी अन्य प्रक्रियाएं बाकी हैं। जिसके पास भी कोई ठोस सबूत है, उसे जांच एजेंसी के सामने पेश करना चाहिए।
10 आरोपियों को दोषी करार दे चुकी है NIA कोर्ट
गौरतलब है कि 5 सितंबर को एनआईए कोर्ट ने 25 मई 2013 को हुए झीरम घाटी नक्सली हमले से जुड़े मामले में सभी 10 आरोपियों को दोषी करार दिया था। अदालत इस मामले में 16 सितंबर को दोषियों की सजा का ऐलान करेगी। इस फैसले के बाद राजनीतिक स्तर पर भी बयानबाजी तेज हो गई है और कांग्रेस तथा भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर देखने को मिल रहा है।
राजा गुरु बालकदास जयंती पर खैरागढ़ पहुंचे विजय शर्मा
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा राजा गुरु बालकदास की 221वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने खैरागढ़ पहुंचे थे। इसी दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने झीरम घाटी मामले के अलावा स्थानीय और प्रशासनिक मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दनिया अतरिया हनईबन में प्रस्तावित सीमेंट प्लांट को लेकर कहा कि किसानों के विरोध के बाद जनसुनवाई रद्द हो चुकी है और फिलहाल इस परियोजना को लेकर कोई गतिविधि नहीं चल रही है।
पुलिस भर्ती को लेकर भी उपमुख्यमंत्री का बयान
पुलिस भर्ती को लेकर उठ रहे सवालों पर विजय शर्मा ने कहा कि पुलिस विभाग में करीब 4500 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने अभ्यर्थियों से कहा कि यदि उन्हें किसी तरह की आपत्ति या समस्या है, तो वे अपनी बात उचित मंच पर रखें। उनका कहना था कि भर्ती से जुड़े मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी शिकायत सामने रखी जानी चाहिए।
राजा गुरु बालकदास जयंती पर भव्य आयोजन
राजा गुरु बालकदास की 221वीं जयंती पर खैरागढ़ में आस्था और सामाजिक एकजुटता का बड़ा आयोजन हुआ। राजा गुरु बालकदास समिति केसीजी और सतनामी समाज के तत्वावधान में सतनाम शोभायात्रा और सम्मान समारोह आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में समाज के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान पूरा शहर ‘जय सतनाम’ के जयघोष से गूंजता रहा।
समाज भवन समेत कई घोषणाएं
दिलीप सिंह मंगल भवन में आयोजित समारोह में विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान समाज की मांगों को देखते हुए उन्होंने खैरागढ़ में समाज भवन के निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की। ग्राम मंडला में मॉडल जैतखाम निर्माण के लिए करीब 6 लाख रुपये देने की बात भी कही गई। पंथी नृत्य प्रस्तुत करने वाली बालिकाओं के लिए 5,100 रुपये प्रोत्साहन राशि और वेशभूषा व वाद्य यंत्रों के लिए 50 हजार रुपये देने की घोषणा हुई।
‘जय सतनाम’ के जयघोष से गूंजा खैरागढ़
समारोह के बाद भव्य सतनाम शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा अंबेडकर चौक, नया बस स्टैंड, जय स्तंभ चौक, इतवारी बाजार, बख्शी मार्ग और गोलबाजार होते हुए वापस मंगल भवन पहुंची। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल समाज के लोगों का जगह-जगह स्वागत किया गया। आतिशबाजी और ‘जय सतनाम’ के जयघोष से शहर का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। जयंती समारोह ने सामाजिक एकता का संदेश दिया, वहीं विजय शर्मा के बयानों से कार्यक्रम में सियासी चर्चा भी तेज हो गई।
Read More : Raipur Teej Mahotsav: मंत्री, सांसद, विधायक और महिला पत्रकारों का रैंप वॉक, दिखा नारी शक्ति का जलवा