SBI Recruitment 2026 : बैंकिंग सेक्टर में नौकरी की तलाश कर रहे अनुभवी उम्मीदवारों के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने भर्ती का अवसर निकाला है। बैंक की ओर से डीन, फैकल्टी और मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के पदों पर Specialist Cadre Officers को कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर नियुक्त किया जाएगा। यह भर्ती स्टेट बैंक इंस्टीट्यूट ऑफ लीडरशिप (SBIL), कोलकाता के लिए है। SBI की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी विज्ञापन के मुताबिक आवेदन प्रक्रिया 16 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 6 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
तीन पदों पर कुल तीन वैकेंसी उपलब्ध
इस भर्ती अभियान के तहत डीन, फैकल्टी और मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के एक-एक पद पर नियुक्ति की जाएगी। यानी कुल तीन रिक्तियां भरी जाएंगी। नौकरी का प्रमुख स्थान कोलकाता रहेगा, हालांकि बैंक की जरूरत के अनुसार चयनित उम्मीदवारों को भारत में कहीं और भी जिम्मेदारी दी जा सकती है। भर्ती विज्ञापन संख्या CRPD/SCO/2026-27/20 के तहत जारी किया गया है।
डीन पद के लिए क्या है योग्यता
डीन के पद के लिए उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से MBA, PGDM, PGDBA या समकक्ष योग्यता में कम से कम 55 प्रतिशत अंक होने चाहिए। PhD या MPhil उम्मीदवार भी पात्र हो सकते हैं। इसके अलावा कम से कम 15 वर्ष का संबंधित अनुभव जरूरी है। इसमें डीन, डिप्टी डीन, प्रिंसिपल, डायरेक्टर, डिप्टी डायरेक्टर या समकक्ष वरिष्ठ पद पर कम से कम तीन वर्ष का अनुभव शामिल होना चाहिए। आयु सीमा 40 से 55 वर्ष निर्धारित है।
फैकल्टी और मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव की पात्रता
फैकल्टी पद के लिए किसी भी विषय में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ पोस्ट ग्रेजुएशन जरूरी है। MBA, PGDM, MHRM, फाइनेंस, बैंकिंग एग्जीक्यूशन और टीचिंग अनुभव वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जा सकती है। उम्मीदवार के पास कम से कम छह वर्ष का संबंधित अनुभव होना चाहिए और आयु सीमा 35 से 55 वर्ष है। मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के लिए मार्केटिंग में MBA या समकक्ष डिग्री के साथ 55 प्रतिशत अंक और कम से कम पांच वर्ष का अनुभव जरूरी है। डिजिटल मार्केटिंग, CRM, मार्केटिंग एनालिटिक्स और सोशल मीडिया मार्केटिंग का अनुभव उपयोगी रहेगा। आयु सीमा 28 से 40 वर्ष है।
चयन प्रक्रिया में इंटरव्यू और डेमो सेशन
डीन और फैकल्टी पदों के लिए उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग आवेदन में दी गई जानकारी के आधार पर की जाएगी। इसके बाद इंटरव्यू-कम-डेमो सेशन के जरिए चयन प्रक्रिया पूरी होगी। वहीं मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव पद के लिए शॉर्टलिस्टिंग के बाद इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। अंतिम चयन SBI द्वारा निर्धारित प्रक्रिया और पात्रता शर्तों के आधार पर होगा।
आवेदन शुल्क और ऑनलाइन आवेदन की जानकारी
जनरल, EWS और OBC वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन के लिए 750 रुपये शुल्क देना होगा, जबकि SC, ST और PwBD उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क नहीं है। शुल्क का भुगतान उपलब्ध ऑनलाइन माध्यमों से किया जा सकता है। इच्छुक उम्मीदवार आवेदन करने से पहले SBI की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन को ध्यान से पढ़ें और पात्रता, अनुभव तथा अन्य शर्तों की पुष्टि करें। आवेदन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर 2026 है।
Read More : Disha Salian Case : दिशा सालियान केस में CCTV पर बड़ा दावा, फडणवीस गवाह और वकील के कई खुलासे