Seva Sankalp Abhiyan : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत देश के अलग-अलग शहरों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को वाराणसी से वडनगर जा रहे सेवा यात्रियों के एक दल से संवाद किया और उनके अनुभव सुने।
वाराणसी से वडनगर जा रहे दल से पीएम मोदी ने की बातचीत
संवाद के दौरान दल में शामिल लोगों ने यात्रा के दौरान आम लोगों से हुई मुलाकातों और उनके अनुभव प्रधानमंत्री के साथ साझा किए। यात्रियों ने बताया कि रास्ते में उन्हें केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से मिलने और उनकी व्यक्तिगत कहानियां सुनने का अवसर मिल रहा है। लोगों से मिलते हुए उन्हें सरकार की योजनाओं के प्रभाव को करीब से समझने का मौका भी मिला।
उन्नाव की दादी ने पीएम मोदी के लिए भेजा धन्यवाद
एक यात्री ने बताया कि उन्नाव जिले में एक बुजुर्ग महिला ने उनसे पूछा कि वे कहां जा रहे हैं। जब उन्हें बताया गया कि दल प्रधानमंत्री मोदी के गांव वडनगर जा रहा है और रास्ते में लाभार्थियों से मिलकर उनका आशीर्वाद ले रहा है, तो महिला ने पीएम मोदी के लिए अपना संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री तक उनका धन्यवाद जरूर पहुंचाया जाए।
पक्का मकान मिलने से सुरक्षित हुआ परिवार
महिला ने प्रधानमंत्री आवास योजना का अनुभव साझा करते हुए बताया कि यदि उन्हें पक्का मकान नहीं मिला होता तो उनका परिवार आज सुरक्षित नहीं होता। उन्होंने अपने पुराने कच्चे मकान की स्थिति दिखाते हुए बताया कि एक दिन घर का हिस्सा अचानक ढह गया था और इसकी ईंट लगने से उन्हें चोट भी आई थी। उन्होंने कहा कि पक्का घर मिलने से परिवार को सुरक्षा मिली और चोट लगने के बाद उनका इलाज भी मुफ्त में हो गया।
गंगाजल लेकर चल रही यात्रा का भी बताया अनुभव
प्रधानमंत्री मोदी ने जब दल के सदस्यों से यात्रा के दौरान गंगाजल साथ लेकर जाने के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि यह भी लोगों के बीच जुड़ाव का माध्यम बन रहा है। यात्रियों के अनुसार, जब वे किसी गांव या घर में गंगाजल लेकर पहुंचते हैं तो स्थानीय लोग कलश यात्रा को स्पर्श करते हैं और प्रार्थना करते हैं। कई स्थानों पर लोग यमुना का पानी भी कलश में डालते हैं।
पीएम मोदी ने अनुभवों को बताया अमूल्य
प्रधानमंत्री मोदी ने सेवा संकल्प यात्रा के अनुभवों को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि लोगों के साथ संवाद और उनसे मिलना जीवन में नई ऊर्जा भरने वाला अनुभव है। उन्होंने भारत की विविधता का जिक्र करते हुए कहा कि देश की संस्कृति, खान-पान और लोगों की जीवनशैली को केवल किताबों से नहीं समझा जा सकता। अलग-अलग स्थानों पर जाकर लोगों को सुनने से देश की वास्तविक विविधता को करीब से जानने का अवसर मिलता है।
झारखंड के प्रदीप मुखर्जी ने साझा किया यात्रा अनुभव
झारखंड के प्रदीप मुखर्जी ने मध्य प्रदेश में सेवा यात्री के रूप में काम करने का अनुभव प्रधानमंत्री मोदी के साथ साझा किया। उन्होंने बताया कि एक गांव में लोगों ने सम्मान के तौर पर उन्हें साफा पहनाया था। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने हल्के-फुल्के अंदाज में पूछा कि कहीं वह हेलमेट की जगह साफा पहनकर बाइक तो नहीं चलाते। प्रदीप ने बताया कि साफा उन्हें सम्मान के दौरान पहनाया गया था।
आयुष्मान भारत से बच्ची को मिला इलाज
प्रदीप मुखर्जी ने मैहर जिले की यात्रा का एक भावुक अनुभव भी सुनाया। उन्होंने बताया कि वहां एक महिला से बातचीत के दौरान आयुष्मान भारत योजना से जुड़ी जानकारी मिली। महिला ने बताया कि उनकी पांच वर्षीय भतीजी को कैंसर हो गया था। परिवार बेहद परेशान था, लेकिन आयुष्मान भारत योजना की जानकारी मिलने के बाद बच्ची का इलाज कराया गया। महिला के मुताबिक अब बच्ची स्वस्थ होकर स्कूल जाने लगी है। उन्होंने भावुक होकर प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया।
25 साल की सार्वजनिक यात्रा को बताया प्रेरणादायक
प्रदीप मुखर्जी ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा कि सार्वजनिक जीवन में उनके बिना रुके और बिना थके 25 वर्ष पूरे करना उनके लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत है। सेवा संकल्प अभियान के दौरान देशभर में लोगों से मिल रहे यात्रियों के अनुभवों में सरकारी योजनाओं से जुड़े लाभ और व्यक्तिगत कहानियां सामने आ रही हैं। प्रधानमंत्री ने भी यात्रियों को लोगों से संवाद जारी रखने और इन अनुभवों से सीख लेने का संदेश दिया।
Read More : Abhijeet Dipke Statement : अभिजीत दीपके ने विपक्ष पर साधा निशाना, बोले- आप डरते हैं क्योंकि सवाल कठिन हैं