सूरजपुर के सोनपुर बरपारा में नाहर सिंह की हत्या का बसदेई पुलिस ने किया खुलासा। पुलिस के अनुसार, टांगी से हत्या के बाद आरोपी बालगोविन्द सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सूरजपुर के सोनपुर बरपारा में नाहर सिंह की हत्या का बसदेई पुलिस ने किया खुलासा। पुलिस के अनुसार, टांगी से हत्या के बाद आरोपी बालगोविन्द सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

Surajpur Crime News : खेत के पास नाले में मिले युवक के शव की गुत्थी सुलझाते हुए बसदेई पुलिस ने अंधे कत्ल का खुलासा किया है। पुलिस जांच के अनुसार, ग्राम सोनपुर बरपारा निवासी नाहर सिंह की टांगी से सिर पर वार कर हत्या की गई थी। मामले में संदेह के घेरे में आए गांव के ही बालगोविन्द सिंह ने भी घटना के कुछ दिन बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने जांच के दौरान पारिवारिक बयानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या की घटना का खुलासा करते हुए वारदात में इस्तेमाल टांगी जब्त कर ली है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सोनपुर बरपारा निवासी जयलाल सिंह ने 12 अक्टूबर 2026 को चौकी बसदेई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र नाहर सिंह 10 अक्टूबर की रात से लापता था। 12 अक्टूबर की सुबह ग्रामीणों ने खेत के पास नीचे नाले के पानी में उसका शव पड़े होने की सूचना दी। शव के सिर पर चोट के निशान थे। प्रारंभिक जानकारी में आशंका जताई गई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने हथियार से हमला कर उसकी हत्या की है।

रिपोर्ट के आधार पर चौकी बसदेई में अपराध क्रमांक 760/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने अज्ञात आरोपी की पहचान कर जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
इसी दौरान 14 अक्टूबर को ग्राम सोनपुर निवासी बालगोविन्द सिंह का शव उसके खेत के पास पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस ने नाहर सिंह की हत्या और बालगोविन्द की मौत से जुड़े तथ्यों को ध्यान में रखते हुए जांच की।

पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर को ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान बालगोविन्द की पत्नी और बेटी ने बताया कि नाहर सिंह कथित तौर पर उसे परेशान करता था। इस बात को लेकर बालगोविन्द नाराज रहता था और कई बार नाहर सिंह को मारने की बात कह चुका था।
परिजनों के बयानों के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात नाहर सिंह और बालगोविन्द घर के पास बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान नाहर सिंह ने अपनी पत्नी और बेटे को फोन कर घर लौटने के बारे में पूछा और फिर वहां से अपने घर चला गया। कुछ देर बाद बालगोविन्द घर पहुंचा और टांगी लेकर बाहर निकला। करीब एक घंटे बाद लौटने के बाद वह अगले दिन सुबह देर से उठा और गुमसुम रहने लगा।
पुलिस जांच में सामने आया कि 12 अक्टूबर को नाहर सिंह का शव मिलने के बाद बालगोविन्द भी उसे देखने गया था। पुलिस को देखकर वह वापस घर लौट आया। परिजनों के अनुसार, उसने अपनी पत्नी से नाहर सिंह की हत्या करने की बात कही और यह कहते हुए घर से निकला कि अब परिवार को कोई परेशान नहीं करेगा तथा वह उपचार कराने जा रहा है।
इसके दो दिन बाद, 14 अक्टूबर को बालगोविन्द का शव उसके खेत के पास पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। नाहर सिंह के भाई तान सिंह ने भी पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले बालगोविन्द ने उससे कहा था कि उसका भाई काफी परेशान कर रहा है।
पुलिस के अनुसार, विवेचना और परिजनों के बयानों के आधार पर निष्कर्ष निकाला गया कि नाहर सिंह की हत्या बालगोविन्द सिंह ने टांगी से सिर पर वार कर की थी। इसके बाद बालगोविन्द ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल टांगी जब्त कर ली है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और सीएसपी बेनार्ड कुजूर के मार्गदर्शन में निरीक्षक रूपेश कुंतल, चौकी प्रभारी बसदेई रघुवंश सिंह, एएसआई वरुण तिवारी, अमरेश सिंह, आरक्षक महेंद्र सिंह, निलेश जायसवाल, देवदत्त दुबे, महिला आरक्षक पूजन सिंह और सैनिक अनिल विश्वकर्मा की सक्रिय भूमिका रही।

© 2026 | All Rights Reserved | Thetarget365.com | Made By Top News Portal Development Company.
Call Us At – +91-:9406130006
WhatsApp – +91 62665 68872
Mail Us At – thetargetweb@gmail.com
Meet Us At – Shitla Ward, Ambikapur Dist. Surguja Chhattisgarh.497001.
