Liquor Scam Arrest: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चल रहे शराब घोटाले मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ओम साईं बेवरेज कंपनी के डायरेक्टर अतुल सिंह और मुकेश मनचंदा को प्रोडक्शन वारंट के तहत झारखंड की रांची जेल से बुधवार देर रात रायपुर लाया गया।

दोनों आरोपी शराब घोटाले के अहम किरदार माने जा रहे हैं और झारखंड में भी आबकारी से जुड़े एक अन्य मामले में पहले से न्यायिक हिरासत में थे। अब रायपुर लाकर इनसे पूछताछ की जाएगी, जिससे इस बहुचर्चित घोटाले के कई बड़े राज खुलने की संभावना है।

शुक्रवार को कोर्ट में होगी पेशी
सूत्रों के अनुसार, EOW की टीम शुक्रवार को अतुल सिंह और मुकेश मनचंदा को रायपुर की विशेष अदालत में पेश करेगी। एजेंसी द्वारा कोर्ट से पुलिस रिमांड की मांग की जा सकती है ताकि गहराई से पूछताछ की जा सके। इस दौरान घोटाले से जुड़े दस्तावेज, धन के लेन-देन और अन्य आरोपियों की भूमिका उजागर हो सकती है।
घोटाले से जुड़ा अब तक का घटनाक्रम
EOW में दर्ज आबकारी अपराध क्रमांक 04/2024 के तहत यह कार्रवाई की गई है।आरोपियों पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के साथ-साथ IPC की धारा 420, 467, 468, 471, और 120-B के तहत केस दर्ज है। ओम साईं बेवरेज कंपनी पर विदेशी शराब में अवैध कमीशन वसूली और सरकारी तंत्र से मिलीभगत कर घोटाला करने के गंभीर आरोप हैं। इससे पहले इसी केस में कंपनी के मुख्य लाभार्थी विजय भाटिया को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
26 अगस्त को दाखिल हुआ छठवां अभियोग पत्र
इस शराब घोटाले की जांच में अब तक कई खुलासे हो चुके हैं। 26 अगस्त को विशेष न्यायालय रायपुर में छठवां अभियोग पत्र दाखिल किया गया, जो इस घोटाले से जुड़े कमीशन के खेल और अवैध फंड ट्रांसफर के कई पहलुओं को उजागर करता है।
क्या है ओम साईं बेवरेज कंपनी की भूमिका?
ओम साईं बेवरेज एक विदेशी शराब की लाइसेंसी कंपनी है, जिसे राज्य के ठेकों में आपूर्ति का जिम्मा दिया गया था। जांच में सामने आया कि कंपनी ने नियमों के विपरीत कार्य करते हुए बड़े स्तर पर कमीशन आधारित लेन-देन किया और कथित तौर पर सरकार से जुड़े कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से करोड़ों रुपये का घोटाला किया।
रायपुर शराब घोटाले में यह ताजा गिरफ्तारी और पूछताछ की तैयारी इस बात की ओर इशारा करती है कि EOW इस घोटाले की जड़ों तक पहुंचने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। आने वाले दिनों में इस केस से जुड़ी और भी बड़ी गिरफ्तारियां और खुलासे हो सकते हैं।
Read More : Urjit Patel IMF : IMF में भारत की मजबूत मौजूदगी, पूर्व RBI गवर्नर डॉ. उर्जित पटेल बने एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर










