AFG vs BAN 1st ODI : अफगानिस्तान और बांग्लादेश (AFG vs BAN) के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत अफगानिस्तान के लिए बेहतरीन रही। 8 अक्टूबर को आबू धाबी में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को 5 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। इस मैच में अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान ने भी इतिहास रचते हुए अपने वनडे करियर में 200 विकेट पूरे किए, जो कि उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का एक बड़ा मुकाम है।

राशिद खान का ‘डबल सेंचुरी’ विकेटों में
मैच में सबसे बड़ी उपलब्धि राशिद खान के खाते में आई। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 10 ओवर में 38 रन देकर 3 विकेट झटके। इसी दौरान उन्होंने अपना 200वां वनडे विकेट भी पूरा किया। यह कारनामा उन्होंने अपने 115वें वनडे मैच की 107वीं पारी में हासिल किया। अब वे वनडे क्रिकेट में 200+ विकेट लेने वाले अफगानिस्तान के पहले गेंदबाज़ बन गए हैं।

राशिद खान ने अपने इस ऐतिहासिक प्रदर्शन से साफ कर दिया कि वह सिर्फ टी20 के नहीं, वनडे फॉर्मेट के भी बेहतरीन स्पिनर हैं। उनके इस डबल सेंचुरी मोमेंट ने अफगानी क्रिकेट फैंस को जश्न मनाने का मौका दे दिया।
मैच का हाल: अफगानिस्तान की ऑलराउंड जीत
बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.5 ओवर में 221 रन बनाए। कप्तान मेहदी हसन मिराज ने सबसे ज्यादा 60 रन, जबकि तौहीद ह्दय ने 56 रन की पारी खेली। अफगानिस्तान के लिए राशिद खान और अजमतुल्लाह ओमरजई ने 3-3 विकेट झटके।अफगानिस्तान ने इस लक्ष्य को 17 गेंद शेष रहते 5 विकेट से हासिल कर लिया। टीम के लिए रहमनुल्लाह गुरबाज (50 रन) और रहमत शाह (50 रन) ने अहम योगदान दिया। वहीं गेंद से कमाल करने वाले अजमतुल्लाह ओमरजई ने बल्ले से भी 44 गेंदों में 40 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई।
प्लेयर ऑफ द मैच: अजमतुल्लाह ओमरजई
ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले अजमतुल्लाह ओमरजई को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 3 विकेट लेने के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी अपनी उपयोगिता साबित की।
सीरीज में अफगानिस्तान की 1-0 से बढ़त
इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। T20 सीरीज 0-2 से गंवाने के बाद यह जीत टीम के लिए मनोबल बढ़ाने वाली रही। अब सभी की निगाहें अगले वनडे मुकाबले पर हैं, जहां बांग्लादेश वापसी की कोशिश करेगा।राशिद खान की ऐतिहासिक उपलब्धि और अफगानिस्तान की ऑलराउंड परफॉर्मेंस ने इस मुकाबले को यादगार बना दिया। इस मैच से यह भी साफ हो गया कि अफगानिस्तान अब किसी भी बड़ी टीम को हराने का दम रखता है। सीरीज के अगले मुकाबले में रोमांच और भी बढ़ने की पूरी उम्मीद है।











