Air Pollution Effects on Children : वायु प्रदूषण का खतरा केवल बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर बच्चों की सेहत पर भी तेजी से पड़ रहा है। खास बात यह है कि प्रदूषित हवा बच्चों के लिए बड़ों के मुकाबले ज्यादा नुकसानदायक साबित हो सकती है। इसकी मुख्य वजह यह है कि बचपन में फेफड़े, सांस की नलियां और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता पूरी तरह विकसित नहीं हुई होती है। ऐसे में हवा में मौजूद जहरीले कण बच्चों के श्वसन तंत्र को प्रभावित कर सकते हैं। लगातार प्रदूषण के संपर्क में रहने से उनकी सांस लेने की क्षमता और शारीरिक विकास पर भी असर पड़ने की आशंका रहती है।
बच्चे प्रदूषित हवा से ज्यादा प्रभावित क्यों होते हैं?
दिल्ली के रेनबो चिल्ड्रेन हॉस्पिटल के कंसल्टेंट पीडियाट्रिक पल्मोनोलॉजिस्ट, एलर्जी एवं स्लीप स्पेशलिस्ट डॉ. निखिल राजवंशी के मुताबिक, बच्चे वयस्कों की तुलना में तेजी से सांस लेते हैं। इसका मतलब है कि उनके शरीर के वजन के अनुपात में प्रदूषित हवा की अधिक मात्रा फेफड़ों तक पहुंच सकती है।

हवा में मौजूद PM2.5 जैसे बेहद छोटे प्रदूषण कण और नाइट्रोजन डाइऑक्साइड जैसी हानिकारक गैसें बच्चों की सांस की नलियों में जलन और सूजन पैदा कर सकती हैं। इसके कारण उन्हें खांसी, सांस लेते समय सीटी जैसी आवाज और सांस फूलने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बच्चों का शरीर अभी विकास की प्रक्रिया में होता है, इसलिए प्रदूषण का असर उनके स्वास्थ्य पर लंबे समय तक बना रह सकता है।

लंबे समय तक प्रदूषण में रहने से फेफड़ों पर क्या असर पड़ता है?
प्रदूषित हवा का प्रभाव केवल कुछ दिनों तक रहने वाली खांसी, गले में खराश या सांस की परेशानी तक सीमित नहीं रहता। अगर बच्चे लंबे समय तक खराब वायु गुणवत्ता वाले वातावरण में रहते हैं, तो उनके फेफड़ों के सामान्य विकास पर असर पड़ सकता है। इससे फेफड़ों की कार्यक्षमता प्रभावित होने का खतरा रहता है।
विशेष रूप से उन बच्चों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है, जिन्हें पहले से अस्थमा या सांस से जुड़ी कोई बीमारी है। प्रदूषण बढ़ने पर ऐसे बच्चों में खांसी, सांस लेने में परेशानी और सीने में जकड़न जैसे लक्षण गंभीर हो सकते हैं। कई बार उन्हें सामान्य दिनों की तुलना में अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।

प्रदूषण से दिल और दिमाग के विकास पर भी पड़ सकता है असर
वायु प्रदूषण का प्रभाव केवल फेफड़ों तक सीमित नहीं माना जाता। प्रदूषित हवा के लगातार संपर्क में रहने से बच्चों में श्वसन संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा कुछ शोधों में लंबे समय तक प्रदूषण के संपर्क और बच्चों के हृदय स्वास्थ्य तथा मस्तिष्क के विकास पर संभावित प्रभावों के संकेत भी मिले हैं।
इसलिए बच्चों को केवल खांसी या सांस की परेशानी होने पर ही प्रदूषण से बचाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। उनकी नियमित दिनचर्या और आसपास के वातावरण की गुणवत्ता पर भी ध्यान देना जरूरी है।
बच्चों में दिखें ये 5 लक्षण तो तुरंत बरतें सावधानी
1. लगातार खांसी आना
अगर बच्चे को कई दिनों तक लगातार खांसी बनी रहती है, तो इसे सामान्य सर्दी-जुकाम समझकर नजरअंदाज न करें।
2. सांस लेते समय सीटी जैसी आवाज
सांस लेते समय घरघराहट या सीटी जैसी आवाज आना सांस की नलियों में परेशानी का संकेत हो सकता है।
3. थोड़ी गतिविधि में सांस फूलना
अगर बच्चा थोड़ा दौड़ने, चलने या खेलने के बाद ही हांफने लगता है, तो इस लक्षण पर ध्यान देना जरूरी है।
4. असामान्य थकान महसूस होना
बच्चे का जल्दी थक जाना या पहले की तरह खेल-कूद में रुचि न लेना भी चिंता का विषय हो सकता है।
5. बार-बार सांस से जुड़ी परेशानी होना
अगर बच्चे को बार-बार खांसी, सांस लेने में दिक्कत या छाती में जकड़न महसूस होती है, तो डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।
माता-पिता को इन लक्षणों को केवल मौसम में बदलाव या सामान्य एलर्जी का असर मानकर नहीं छोड़ना चाहिए। परेशानी लगातार बनी रहने पर बाल रोग विशेषज्ञ से सलाह लेना जरूरी है। गंभीर सांस की तकलीफ, होंठ नीले पड़ने या बच्चा ठीक से बोल अथवा सांस न ले पाने की स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता लें।
प्रदूषण से बच्चों को बचाने के लिए माता-पिता क्या करें?
प्रदूषण के दिनों में बच्चों को बाहर खेलने भेजने से पहले अपने इलाके का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) जरूर जांचें। जब प्रदूषण का स्तर बहुत ज्यादा हो, तो बाहर खेलने और व्यायाम करने जैसी गतिविधियों को सीमित रखें। बच्चों को व्यस्त सड़कों, ट्रैफिक और धुएं वाली जगहों से दूर रखना बेहतर है।
घर के अंदर भी हवा की गुणवत्ता सुधारने का प्रयास करें। धूम्रपान, अगरबत्ती या अन्य ऐसी चीजों से बचें जिनसे घर में धुआं फैलता है। खिड़कियां खोलने का फैसला बाहर के AQI को देखकर करें। अगर बच्चे को अस्थमा है, तो डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाएं और इनहेलर नियमित रूप से देते रहें। बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाएं बंद न करें।
बच्चों की सेहत को लेकर लापरवाही न करें
बढ़ता वायु प्रदूषण बच्चों के वर्तमान स्वास्थ्य के साथ उनके भविष्य के शारीरिक विकास के लिए भी चिंता का विषय है। इसलिए माता-पिता को बच्चों में सांस से जुड़ी समस्याओं के शुरुआती संकेत पहचानने चाहिए। समय पर डॉक्टर से सलाह लेना और प्रदूषण से बचाव के उपाय अपनाना बच्चों की सेहत सुरक्षित रखने में मदद कर सकता है।


