Eye Drops : आंखें शरीर के सबसे संवेदनशील अंगों में से एक हैं। ड्राई आई, कंजंक्टिवाइटिस यानी आंख आना, एलर्जी, कॉर्निया में अल्सर, काला मोतिया (ग्लूकोमा) और रेटिना से जुड़ी कई बीमारियों के इलाज में आई ड्रॉप का महत्वपूर्ण योगदान होता है। इसके अलावा आंखों की सर्जरी से पहले सावधानी बरतने और ऑपरेशन के बाद संक्रमण से बचाव तथा उपचार के लिए भी आई ड्रॉप दी जाती हैं। हालांकि, इन दवाओं का इस्तेमाल जितना जरूरी है, उतनी ही सावधानी बरतना भी आवश्यक है। गलत तरीके से आई ड्रॉप डालने या पुरानी बोतल इस्तेमाल करने से संक्रमण और अन्य दुष्प्रभावों का खतरा बढ़ सकता है।
आई ड्रॉप की बोतल खुलने के बाद कितने दिन तक रहती है सुरक्षित?
मैक्स अस्पताल, पंचशील पार्क की सीनियर कंसल्टेंट (नेत्र विज्ञान) डॉ. अदिति घोष दस्तीदार के अनुसार, मरीजों को आई ड्रॉप लिखने के बाद यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि वे उसका सही तरीके से इस्तेमाल कर रहे हैं या नहीं। अक्सर लोगों के मन में सवाल रहता है कि बोतल खोलने के बाद आई ड्रॉप कितने दिनों तक इस्तेमाल की जा सकती है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, कई आई ड्रॉप खोलने के बाद सीमित समय तक ही सुरक्षित रहती हैं। आमतौर पर 30 दिन बाद बची हुई दवा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, लेकिन कुछ दवाओं की अवधि अलग हो सकती है। इसलिए बोतल या पैकेट पर दिए गए निर्देश और डॉक्टर की सलाह का पालन करना जरूरी है।

आई ड्रॉप इस्तेमाल करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
1. हाथों को अच्छी तरह साफ करें
आई ड्रॉप डालने से पहले साबुन और साफ पानी से हाथ अच्छी तरह धोएं। इसके बाद हाथों को सुखा लें। गंदे हाथों से बोतल या आंखों को छूने पर संक्रमण का खतरा हो सकता है।
2. दवा का नाम और एक्सपायरी डेट जांचें
आई ड्रॉप इस्तेमाल करने से पहले बोतल पर लिखा नाम पढ़ें और सुनिश्चित करें कि यह वही दवा है जो डॉक्टर ने लिखी है। इसके साथ ही एक्सपायरी डेट जरूर जांचें। एक्सपायर हो चुकी दवा का इस्तेमाल बिल्कुल न करें।

3. बोतल खोलने की तारीख लिखें
जिस दिन आई ड्रॉप की बोतल खोलें, उसी दिन की तारीख उस पर मार्कर से लिख दें। इससे आपको पता रहेगा कि दवा कब खोली गई थी। डॉक्टर या निर्माता के निर्देशों के अनुसार निर्धारित अवधि के बाद बची हुई दवा फेंक दें।
4. बोतल की सील और नोक का रखें ध्यान
आई ड्रॉप खरीदते समय उसकी सुरक्षा सील जरूर जांचें। सील टूटी होने पर बोतल न खरीदें। इसे खोलने के लिए सेफ्टी पिन या किसी नुकीली वस्तु का इस्तेमाल न करें। बोतल की नोक को आंख, पलक, उंगलियों या किसी दूसरी सतह से छूने न दें।
आई ड्रॉप को सुरक्षित रखने का सही तरीका
कुछ आई ड्रॉप इस्तेमाल करने से पहले हल्के हाथों से हिलानी पड़ती हैं। खासकर सस्पेंशन वाली दवाएं, जो अक्सर दूधिया या धुंधली दिखाई देती हैं। हालांकि, ऐसा तभी करें जब दवा के निर्देशों में इसकी सलाह दी गई हो।
दवा को साफ, ठंडी और अंधेरी जगह पर रखें। कुछ आई ड्रॉप को फ्रिज में रखने की जरूरत होती है, जबकि कुछ को सामान्य तापमान पर सुरक्षित रखा जाता है। इसलिए पैकेट पर लिखे निर्देश पढ़ें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर या फार्मासिस्ट से जानकारी लें।
आई ड्रॉप डालने का सही तरीका क्या है?
1. सही स्थिति में बैठें या लेटें
आई ड्रॉप डालने के लिए आराम से बैठ जाएं या लेट जाएं। सिर को थोड़ा पीछे झुकाकर ऊपर की ओर देखें। इसके बाद एक हाथ से निचली पलक को धीरे से नीचे खींचें, ताकि आंख और पलक के बीच छोटी-सी जगह बन जाए।
2. आंख में सावधानी से डालें दवा
दूसरे हाथ से आई ड्रॉप की बोतल को उल्टा पकड़ें और आंख से कुछ दूरी पर रखें। डॉक्टर द्वारा बताई गई बूंदें निचली पलक से बनी जगह में डालें। ध्यान रखें कि बोतल की नोक आंख या पलकों को न छुए।
3. बूंद डालने के बाद आंखें बंद रखें
दवा डालने के बाद आंखों को धीरे से एक से दो मिनट तक बंद रखें। आंखों को जोर से न भींचें और न ही बार-बार झपकाएं। अगर दवा चेहरे या त्वचा पर बह जाए, तो उसे साफ टिशू से हल्के हाथों से पोंछ लें। कुछ दवाएं त्वचा पर जलन या अन्य दुष्प्रभाव पैदा कर सकती हैं।
दो आई ड्रॉप के बीच कितना अंतर रखना चाहिए?
अगर डॉक्टर ने एक से ज्यादा आई ड्रॉप इस्तेमाल करने की सलाह दी है, तो उनके बीच कम से कम 10 मिनट का अंतर रखें। ऐसा करने से पहली दवा के बहकर निकलने की आशंका कम होती है। ग्लूकोमा की कुछ दवाओं के साथ पंक्टल ऑक्लूजन की जरूरत भी पड़ सकती है। इसमें आंख के अंदरूनी कोने को हल्के हाथ से दबाकर रखा जाता है। यह तरीका डॉक्टर से सीखना चाहिए।
आई ड्रॉप इस्तेमाल करने के बाद क्या सावधानी बरतें?
दवा डालने के तुरंत बाद बोतल का ढक्कन अच्छी तरह बंद कर दें। इलाज के दौरान आंखों का मेकअप करने से बचें और डॉक्टर की सलाह के बिना दवा बंद या बदलें नहीं। याद रखें, आई ड्रॉप का सही इस्तेमाल आंखों के उपचार को प्रभावी बनाने और संक्रमण के जोखिम को कम करने में मदद करता है।
Read more : Bilaspur Forest Department : सरकारी दफ्तर में शराब-मटन पार्टी का वीडियो वायरल, डिप्टी रेंजर पर उठे सवाल


