Akhilesh Yadav 95-5 Formula : उत्तर प्रदेश की राजनीति में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी बयानबाजी तेज होती जा रही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए 80-20 के राजनीतिक समीकरण को बदलकर 95-5 का नया नारा दिया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अब मुकाबला 80 और 20 प्रतिशत के बीच नहीं, बल्कि 95 और पांच प्रतिशत के बीच है। उनके मुताबिक, 95 प्रतिशत परेशान, दुखी और अपमानित लोग एक तरफ हैं, जबकि पांच प्रतिशत शोषण करने वाले लोग दूसरी तरफ खड़े हैं।
95-5 के मुकाबले में बीजेपी को अपनी स्थिति का पता नहीं चलेगा: अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि जब राजनीतिक लड़ाई 95 और पांच प्रतिशत के बीच होगी, तब भाजपा नेताओं को यह समझने का मौका भी नहीं मिलेगा कि वे कहां पहुंच गए हैं। उन्होंने दावा किया कि इसी राजनीतिक स्थिति के कारण भाजपा नेताओं की भाषा और उनके व्यवहार में बदलाव दिखाई दे रहा है।गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले 80-20 का राजनीतिक विमर्श सामने रखा था। अब अखिलेश यादव ने उसी राजनीतिक नारे को नया अर्थ देते हुए 95-5 का समीकरण पेश किया है। उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष की राजनीतिक रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

राम मंदिर जाएंगे अखिलेश यादव, केदारेश्वर और वृंदावन जाने की भी योजना
राजनीतिक बयानबाजी के बीच अखिलेश यादव ने अयोध्या स्थित राम मंदिर जाने की अपनी योजना को लेकर भी महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह रामलला के दर्शन करने अयोध्या जाएंगे। इसके अलावा इटावा के केदारेश्वर मंदिर और वृंदावन जाने की भी उनकी योजना है।उन्होंने समाजवादी पार्टी के पीडीए नारे को नया अर्थ देते हुए इसे ‘पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद’ बताया। अखिलेश ने कहा कि उनके परिवार में भगवान शिव और भगवान राम दोनों हैं। उनके साथ चाचा शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव भी हैं। इसके अलावा अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद और पूर्व विधायक पवन पांडेय भी उनके साथ हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि फिर भाजपा को इतनी घबराहट क्यों हो रही है?इससे पहले सपा नेता पवन पांडेय ने जानकारी दी थी कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे।

वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप, 1.27 करोड़ वोटों पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह अजीब संयोग है कि एक तरफ अखबारों में 1.27 करोड़ रुपये का गांजा पकड़े जाने की खबर है, वहीं दूसरी तरफ 1.27 करोड़ वोट काटे जाने की चर्चा हो रही है।उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मतदाताओं को ऐसे धातु के पहचान पत्र जारी करने का सुझाव दिया, जिनकी नकल करना संभव न हो। साथ ही उन्होंने मतदाता सूची को आधार कार्ड से जोड़ने की मांग भी उठाई।
मेट्रो परियोजनाओं और एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर सरकार को घेरा
सपा प्रमुख ने विकास कार्यों को लेकर भी भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि लखनऊ, कानपुर और आगरा में मेट्रो परियोजनाएं समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां हैं। उनके अनुसार, भाजपा सरकार पिछले 10 वर्षों में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार 10 सेंटीमीटर भी नहीं कर पाई है।अखिलेश ने सड़क और एक्सप्रेसवे निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि ठेकों में गड़बड़ी के कारण निर्माण कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। इसका असर सड़क सुरक्षा पर भी पड़ रहा है और दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है। उनके इन बयानों से उत्तर प्रदेश में भाजपा और सपा के बीच राजनीतिक टकराव और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।



