Kulgam Terror Attack : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को आतंकियों ने एक बार फिर सुरक्षाबलों को निशाना बनाया। जिले के मीर बाजार इलाके में दिनदहाड़े बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के नाके पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने सुरक्षाकर्मियों पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
अनंतनाग के GMC अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल जवान
हमले के तुरंत बाद घायल जवानों को उपचार के लिए अनंतनाग स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल तीन जवानों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं और हमलावरों की तलाश के लिए इलाके में जांच-पड़ताल की जा रही है। दिनदहाड़े हुए इस हमले ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था और आतंकवाद के खिलाफ किए जा रहे दावों को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बहस छेड़ दी है।

कांग्रेस ने अमित शाह से पूछा सवाल, अनुच्छेद 370 का किया जिक्र
कुलगाम हमले के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने घटना को बेहद चिंताजनक बताते हुए घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और हिंसा का खतरा देश से पूरी तरह समाप्त होना चाहिए, लेकिन सवाल यह है कि इस हमले पर गृह मंत्री का क्या कहना है?पवन खेड़ा ने 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के फैसले का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया था कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद आतंकवाद पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दावे का समर्थन किया था।

सात साल बाद भी आतंकी हमले, गृह मंत्रालय की रणनीति पर सवाल
कांग्रेस सांसद ने कहा कि सात साल बाद कुलगाम के खुले बाजार में सीआरपीएफ जवानों पर हमला होना इस बात का संकेत है कि 2019 में किए गए बदलाव अपने घोषित उद्देश्यों को हासिल करने में सफल नहीं हुए हैं। उन्होंने गृह मंत्री से पूछा कि उस समय किए गए बड़े-बड़े वादों का जवाब कौन देगा?पवन खेड़ा ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि क्या गृह मंत्री उस समय गलत दावा कर रहे थे या फिर पिछले वर्षों में उनका काम निराशाजनक रहा है? उन्होंने यहां तक कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में अमित शाह भारत के गृह मंत्री बने रहने के योग्य नहीं हैं।
AAP ने खुफिया तंत्र की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
जम्मू-कश्मीर आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष और डोडा से विधायक मेहराज मलिक ने भी हमले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि कुलगाम में दिनदहाड़े हुआ हमला जमीनी स्तर पर सुरक्षा और खुफिया तंत्र की विफलता का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

महबूबा मुफ्ती ने की हमले की निंदा
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। महबूबा मुफ्ती ने हमले में घायल हुए सीआरपीएफ जवानों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
बीजेपी ने पाकिस्तान पर लगाया माहौल बिगाड़ने की साजिश का आरोप
बीजेपी नेता रविंद्र रैना ने हमले को कश्मीर में शांति भंग करने की साजिश बताया। उन्होंने कहा कि जब भी घाटी में हालात सामान्य होते हैं और लोग शांति से जीवन जीने लगते हैं, तब इस तरह की आतंकी घटनाएं सामने आती हैं। रैना के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठे आतंकी कश्मीर में अमन और शांति के माहौल को खराब करने की कोशिश करते हैं। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हैं।


